बामनवास SDM का पिपलाई में औचक निरीक्षण, आंगनवाड़ी से लेकर पीएचसी तक मिली गंभीर खामियां

उपखंड अधिकारी प्रियंका कंडेला ने शुक्रवार को पिपलाई क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर विभिन्न सरकारी व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र, भारत निर्माण सेवा केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में कई गंभीर खामियां सामने आईं।

आंगनवाड़ी केंद्र में भवन और शौचालय की स्थिति जर्जर पाई गई। खिड़कियों की जालियां टूटी हुई थीं और पोषाहार भी अव्यवस्थित तरीके से रखा मिला। इस पर एसडीएम ने संबंधित कार्मिकों को व्यवस्थाएं तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

भारत निर्माण सेवा केंद्र में ई-फाइल और ई-डाक कार्य बंद मिला, वहीं जनसुनवाई रजिस्टर भी अनुपस्थित पाया गया। इस लापरवाही पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए कार्य प्रणाली को तुरंत सुचारू करने के निर्देश दिए।

वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सफाई व्यवस्था बेहद कमजोर मिली। बेडशीट और तकियों के कवर गंदे पाए गए, जिससे मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एसडीएम ने चिकित्सा अधिकारियों को साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।

उपखंड अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी संस्थानों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-समय पर ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे।

Share This Article
Leave a Comment