कागजों में सस्पेंड, सड़कों पर बेलगाम! जयपुर में RC रद्द होने के बाद भी दौड़ रहीं 450 बसें

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में परिवहन विभाग की एक बड़ी और जानलेवा लापरवाही सामने आई है। मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। परिवहन विभाग नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों का पंजीयन प्रमाण-पत्र (RC) निलंबित तो कर रहा है, लेकिन इसके बाद उन वाहनों का संचालन रोकने की कोई पुख्ता व्यवस्था विभाग के पास नहीं है।

प्रभावी मॉनिटरिंग सिस्टम के अभाव में बिना वैध पंजीयन के सैकड़ों भारी वाहन और बसें राजधानी की सड़कों पर बेखौफ दौड़ रही हैं। यह साबित करता है कि विभाग की कार्रवाई महज कागजों तक सिमटकर रह गई है और जनता की जान खुलेआम दांव पर लगाई जा रही है।

300 से अधिक बसें आरटीओ द्वितीय एरिया की, 500 भारी वाहन भी दायरे में आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जयपुर आरटीओ प्रथम और द्वितीय क्षेत्र में बॉडी कोड के नियमों का पालन नहीं करने पर करीब 450 बसों की आरसी निलंबित की जा चुकी है। इनमें से सर्वाधिक 397 बसें केवल आरटीओ द्वितीय क्षेत्र की हैं। इसके अलावा करीब 500 भारी वाहन भी इस कार्रवाई के दायरे में हैं, जो बिना वैध आरसी के सड़कों पर दौड़कर हादसों को न्योता दे रहे हैं।

निगरानी तंत्र फेल, बस संचालक उठा रहे खामी का फायदा नियमों के तहत आरसी निलंबन के दौरान बस कहां खड़ी रहेगी, इसकी लिखित जानकारी संचालक से ली जाती है। लेकिन विभाग द्वारा बताए गए स्थान पर कोई नियमित निगरानी या क्रॉस-चेकिंग नहीं की जाती। इसी प्रशासनिक खामी और लचर मॉनिटरिंग का सीधा फायदा उठाकर संचालक निलंबन अवधि में भी अपने वाहन सड़कों पर उतारकर धड़ल्ले से कमाई कर रहे हैं।

सड़कों पर दौड़ रहे इन निलंबित वाहनों के कुछ प्रमुख उदाहरण सामने आए हैं:

  • केस नंबर-1 (MP44-ZE-7977): इस वाहन की आरसी 24 नवंबर 2025 को निलंबित की गई थी। इसके बावजूद इसका संचालन बेखौफ जारी रहा। बाद में आरटीओ द्वितीय ने इसे दोबारा पकड़ा और जब्त किया। फिलहाल यह वाहन जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय, शाहपुरा में एक वर्ष से जब्त पड़ा है।
  • केस नंबर-2 (RJ13-GC-3376): बॉडी कोड के नियमों की अवहेलना करने पर इस वाहन को 26 जून को पकड़कर इसकी आरसी निलंबित की गई थी। इसके बावजूद निलंबन अवधि में यह वाहन खुलेआम सड़कों पर दौड़ता पाया गया, जिसे बाद में फिर से जब्त करना पड़ा।

👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment