Expose Now Special Q&A: निर्देशक राजकुमार संतोषी बोले—”मैं सनी से डरकर काम करता हूँ”, फिल्म के प्रमोशन में खुलकर बोले देओल परिवार के सितारे

जयपुर: आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बहुचर्चित ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘बंटवारा 1947’ रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म के हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब पूरी स्टारकास्ट इसके जोरदार प्रचार में जुट गई है। इसी सिलसिले में अभिनेता सनी देओल, उनके बेटे करण देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी ने पिंकसिटी जयपुर पहुंचकर फिल्म का भव्य प्रमोशन किया।

राजस्थानी अंदाज में हुआ भव्य स्वागत

जयपुर में फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत प्रतिष्ठित रामबाग पैलेस से हुई, जहाँ टीम ने मीडिया से मुलाकात कर फिल्म को लेकर अपना उत्साह साझा किया। इसके बाद पूरी टीम शहर की ऐतिहासिक पहचान हवा महल पहुँची, जहाँ सनी देओल की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद मशहूर राज मंदिर सिनेमा में फिल्म की स्टारकास्ट का दर्शकों ने तालियों और नारों के साथ स्वागत किया। यहाँ राजस्थानी अंदाज में कलाकारों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। राज मंदिर सिनेमा में मौजूद फैंस के साथ फिल्म का ट्रेलर देखा गया, जिससे पूरा हॉल तालियों और सीढ़ियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

Expose Now‘ को बताये राजकुमार संतोषी और सनी देओल ने दोस्ती के मजेदार किस्से

‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाली संतोषी-देओल की यह जोड़ी एक लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर साथ लौटी है। ‘Expose Now’ द्वारा दोनों की दोस्ती और काम के अनुभव को लेकर पूछे गए सवाल पर निर्देशक राजकुमार संतोषी मुस्कुराते हुए बोलेसनी मेरा अच्छा दोस्त है और मैं इनसे डरकर ही काम करता हूँ, इनका ‘ढाई किलो का हाथ’ जो है।”

इस पर सनी देओल ने हंसते हुए कहा कि हम दोनों की ट्यूनिंग ऐसी है कि जब काम करते हैं तो टेक और रीटेक का दौर चलता ही रहता है। सनी ने जयपुर की जनता का आभार जताते हुए कहा, “जयपुर की जनता के प्यार के कारण ही मैं हर बार अपनी नई फिल्म के प्रमोशन के लिए यहाँ आता हूँ और एक बार फिर आपके बीच आया हूँ।”

करण देओल के लिए पिता के साथ काम करना सबसे बड़ी उपलब्धि

सनी देओल के बेटे करण देओल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें इस फिल्म में अपने पापा के साथ काम करने का मौका मिला, जो उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है और उन्होंने हमेशा अपने पिता से बहुत कुछ सीखा है। निर्देशक राजकुमार संतोषी ने करण की एक्टिंग की तारीफ करते हुए कहा कि जयपुरवासी सनी को जितना प्यार देते हैं, उतना ही प्यार करण को भी दें क्योंकि उन्होंने इस फिल्म में खूब मेहनत की है और वे सनी की एक्टिंग की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

फिल्म के इस शानदार प्रमोशन और मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद माना जा रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का दिल जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment