जयपुर: राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ ने तबादले के बाद परिवेदनाओं (आपत्तियों) के निस्तारण में हो रही देरी को लेकर गंभीर चिंता जताई है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा, मुख्य महामन्त्री महेन्द्र पाण्डे और प्रदेश महामन्त्री दीपक ठक्कर के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्कूल शिक्षा विभाग) और निदेशक माध्यमिक शिक्षा बीकानेर को ज्ञापन भेजा गया है।
क्या है मुख्य मुद्दा?
ज्ञापन में बताया गया है कि 10 जुलाई तक सेकंड ग्रेड से लेकर प्रिंसिपल तक के तबादलों के लिए ऑनलाइन परिवेदनाएं ली गई थीं, जिनकी निस्तारण तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई थी। लेकिन इसके बावजूद अभी तक आदेश जारी नहीं हुए हैं, जिसके चलते हजारों शिक्षक स्कूल से रिलीव होकर अवकाश पर बैठे हैं और परिवेदना आदेश का इंतजार कर रहे हैं।

शिक्षकों के अवकाश पर रहने से शिक्षण कार्य ठप
संघ का कहना है कि परिवेदनाओं के निस्तारण के बाद ही स्कूलों में स्पष्ट रिक्त पदों की सही जानकारी सामने आ सकेगी। वर्तमान में हजारों शिक्षक परिवेदना के इंतजार में घर पर अवकाश लेकर बैठे हैं, जबकि एपीओ और दोहरे पदस्थापन (Dual Posting) वाले शिक्षक अपनी सही स्कूल में पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं।
संघ की प्रमुख मांगें:
- तबादला परिवेदनाओं का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए।
- एपीओ और दोहरे पदस्थापन वाले मामलों को सुधार कर सही जगह पोस्टिंग दी जाए।
- शेष बचे रिक्त पदों पर नवनियुक्त वरिष्ठ अध्यापकों और प्रमोटियों को काउंसलिंग के जरिए जल्द पोस्टिंग दिलाई जाए, ताकि स्कूलों में सुचारू रूप से शिक्षण कार्य चल सके।
