बांसवाड़ा में 18 सरकारी पीटीआई बर्खास्त: ‘डिग्री मिसमैच’ ने छीनी 29 महीने की नौकरी

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 18 शारीरिक शिक्षकों (PTI) को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। डिग्री मिसमैच होने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) जयदीप पुरोहित ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

आवेदन और दस्तावेजों में अंतर से खुला राज

यह मामला ग्रेड थर्ड पीटीआई भर्ती-2022 से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि इन शिक्षकों ने आवेदन के समय जो डिग्री दिखाई थी, वह बाद में विभाग में जमा कराए गए दस्तावेजों से मेल नहीं खा रही थी। निदेशालय से प्रदेश के कुल 35 पीटीआई की सूची प्राप्त हुई थी, जिसमें से 19 अभ्यर्थी बांसवाड़ा जिले के थे। इनमें से 18 को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि एक मामले की गहन जांच के लिए उसे संयुक्त निदेशक उदयपुर को भेजा गया है।

हाईकोर्ट के निर्देश पर बनी थी जांच कमेटी

जिला शिक्षा अधिकारी जयदीप पुरोहित ने बताया कि शुरुआती जांच में ही इन अभ्यर्थियों की डिग्री मिसमैच पाई गई थी, लेकिन अभ्यर्थी इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट चले गए थे। कोर्ट के निर्देश पर एक 3 सदस्यीय विशेष कमेटी का गठन किया गया। इस कमेटी की जांच में भी डिग्री मिसमैच की पुष्टि हुई, जिसके बाद बर्खास्तगी के आदेश जारी किए गए।

अक्टूबर 2023 में मिली थी पोस्टिंग

इन सभी शिक्षकों को अक्टूबर 2023 में अलग-अलग स्कूलों में पोस्टिंग मिली थी। ये शिक्षक जिले के मुख्य रूप से सज्जनगढ़, गांगड़तलाई, बागीदौरा और आनंदपुरी क्षेत्र के स्कूलों में तैनात थे। निदेशालय से शुक्रवार (17 अप्रैल) को आदेश मिलने के बाद, दो दिनों के भीतर संबंधित स्कूलों के प्रिंसिपल्स को बुलाकर बर्खास्तगी के आदेश थमा दिए गए।

भर्ती का पिछला रिकॉर्ड

बता दें कि साल 2022 में कुल 5546 पदों पर पीटीआई भर्ती निकाली गई थी। दस्तावेजों के वेरिफिकेशन के दौरान कई दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिसके बाद एसओजी (SOG) ने 165 से ज्यादा अभ्यर्थियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया था। इस मामले में पूर्व में भी 134 से ज्यादा शिक्षक बर्खास्त किए जा चुके हैं।

Share This Article
Leave a Comment