लंबे वक्त के बाद राजस्थान कांग्रेस गदगद नजर आई। अबतक एकजुटता को लेकर सवालों में घिरी कांग्रेस के लिए राहुल गांधी की तारीफ सूखी भूमि पर बारिश की तरह आई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ना केवल प्रदेश कांग्रेस के कार्यों को सराहा, डोटासरा-जूली की तारीफ की। राहुल गांधी ने कहा कि आप दोनों मिलकर अच्छा काम कर रहे है और यह दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण है।
देखें वीडियो
राहुल गांधी के मुंह से अपनी तारीफ सुन डोटासरा और जूली काफी खुश नजर आए। दरअसल, पिछले कुछ महीनों से राजस्थान में डोटासरा और जूली का साथ आना सुर्खियों में है। राजनीतिक विश्लेषक सवाल जरूर उठाते हैं लेकिन ये भी जोड़ते हैं कि फिलहाल ये साथ-ये जुगलबंदी हिट है। दोनों कांग्रेस के लगभग हर कार्यक्रम में अक्सर साथ ही दिखते हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली तक भी दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव ही गई है।
ताजा तारीफ वाला वाक्या कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के ट्रेनिंग कैंप में हुआ जिसमें राहुल भी शामिल हुए। आपको बता दें कि राहुल गांधी सोमवार को पुष्कर दौरे पर आए और कांग्रेस के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए।

