पाकिस्तान में ढेर हुआ भारत का एक और दुश्मन: पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड और ‘अल बद्र’ कमांडर हमजा बुरहान की मुजफ्फराबाद में गोली मारकर हत्या

भारत के मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल और पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंड्स में से एक हमजा बुरहान की पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने हमजा को कई गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है, हालांकि उसकी पहचान और हत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है।

कौन था हमजा बुरहान (अरजमंद गुलजार डार)?

हमजा बुरहान का असली नाम अरजमंद गुलजार डार था और उसे आतंकी नेटवर्क के भीतर ‘डॉक्टर’ के नाम से भी जाना जाता था। वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा इलाके का निवासी था। जानकारी के मुताबिक, करीब 7 साल पहले वह वैध दस्तावेजों के सहारे भारत से पाकिस्तान गया था। पाकिस्तान पहुंचने के बाद वह कट्टरपंथी आतंकी संगठन ‘अल-बद्र’ (Al-Badr) में शामिल हो गया और अपनी आतंकी गतिविधियों के चलते तेजी से संगठन का टॉप ऑपरेशनल कमांडर बन गया।

मोस्ट वांटेड सूची और 2022 में हुआ था आतंकी घोषित

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए हमजा एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ था। वह पाकिस्तान में बैठकर कश्मीर घाटी, विशेषकर दक्षिण कश्मीर में आतंकियों की भर्ती, फंडिंग और हथियारों की सप्लाई का पूरा नेटवर्क संचालित कर रहा था। भारत सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) ने उसकी खतरनाक राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों को देखते हुए वर्ष 2022 में उसे आधिकारिक रूप से ‘आतंकवादी’ घोषित किया था।

‘डिजिटल कट्टरपंथ’ का था अहम मोहरा

सुरक्षा एजेंसियों के विश्लेषण के अनुसार, हमजा बुरहान उसी ‘डिजिटल कट्टरपंथ मॉडल’ (Digital Radicalization Model) का अहम हिस्सा था, जिसे पहले बुरहान वानी ने शुरू किया था। हमजा सोशल मीडिया और अपने स्थानीय नेटवर्क के जरिए कश्मीरी युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें हथियार उठाने के लिए उकसाता था।

उसका नेटवर्क मुख्य रूप से पुलवामा, शोपियां और अवंतीपोरा क्षेत्रों में सक्रिय था। वह सीमा पार से स्थानीय ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) के जरिए स्लीपर सेल्स को हथियार, विस्फोटक और आवश्यक आतंकी निर्देश पहुंचाता था। कश्मीर घाटी में हुए कई ग्रेनेड हमलों, विस्फोटक बरामदगी और युवाओं को गुमराह कर आतंकी बनाने के मामलों में उसका नाम मुख्य रूप से शामिल रहा है।

पाकिस्तान में लगातार मारे जा रहे हैं भारत के दुश्मन

हमजा बुरहान की हत्या पाकिस्तान में छिपे बैठे भारत के वांटेड आतंकियों की रहस्यमयी मौतों की श्रृंखला की एक और कड़ी है। पिछले कुछ समय से पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में अज्ञात हमलावरों द्वारा कई वांछित आतंकियों को इसी तरह गोलियों से छलनी किया जा चुका है। हालांकि पाकिस्तान पुलिस पकड़े गए संदिग्ध हमलावर से पूछताछ कर रही है, लेकिन इस हत्या ने पाकिस्तान में पनाह लिए बैठे अन्य आतंकी आकाओं के बीच भारी खौफ पैदा कर दिया है।

Share This Article
Leave a Comment