झुंझुनूं: झुंझुनूं जिले के गोठड़ा थाना क्षेत्र स्थित श्री सीमेंट प्लांट के बाहर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी हंगामा देखने को मिला। एक ट्रेलर की चपेट में आने से किसान ओमप्रकाश (43) की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने प्लांट के गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।

हादसे और प्रदर्शन की घटना
बुधवार शाम 5 बजे ओमप्रकाश अपनी बाइक से नवलगढ़ की ओर जा रहे थे, तभी श्री सीमेंट प्लांट के अंदर जा रहे एक ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और प्लांट के बाहर सड़क पर दोनों तरफ ‘स्पीड ब्रेकर’ बनाने की मांग को लेकर फैक्ट्री का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब ग्रामीण जबरन फैक्ट्री परिसर में घुस गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए नवलगढ़, मुकुंदगढ़, गुढ़ा और गोठड़ा थानों के पुलिस जाप्ते ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव भी किया। अफरा-तफरी के बीच मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं, जिन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों का आरोप और मांगें
किसान नेता राजेश कटेवा ने आरोप लगाया कि सीमेंट फैक्ट्री के वाहन चालक बेहद लापरवाही से गाड़ियां चलाते हैं। उन्होंने बताया कि इस रास्ते पर अब तक करीब 22-25 लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों की मांग थी कि फैक्ट्री के लिए एक अलग लेन हो और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं।
प्रशासनिक पहल के बाद बनी सहमति
घटना के बाद नवलगढ़ डीएसपी सुगन सिंह और थाना अधिकारी धर्मेंद्र मीणा ने मोर्चा संभाला। शाम 4 बजे एसडीएम अजीत सिंह राठौड़ की मध्यस्थता में तीन दौर की वार्ता के बाद प्रशासन, ग्रामीण और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच लिखित सहमति बनी:
- आर्थिक सहायता: कुल 11 लाख रुपये की आर्थिक मदद परिवार को दी जाएगी।
- भुगतान का विवरण: 5 लाख रुपये की तत्काल मदद एनजीओ और ट्रांसपोर्टर के माध्यम से, 5 लाख रुपये आयुष्मान योजना के तहत और 1 लाख रुपये क्राउड फंडिंग के जरिए जुटाए जाएंगे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रेलर चालक और वाहन की तलाश जारी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।