जयपुर। जयपुर डिस्कॉम प्रबंधन ने अपने सभी 18 सर्कल के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए फील्ड इंजीनियरों की वित्तीय शक्तियों (Financial Powers) में भारी बढ़ोतरी की है। डिस्कॉम के निदेशक मंडल की 322वीं बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, अब सहायक अभियंता स्तर से लेकर मुख्य अभियंता स्तर तक के अधिकारियों की खर्च सीमा बढ़ा दी गई है। इस फैसले से उपभोक्ताओं को छोटे-छोटे कार्यों की मंजूरी के लिए अब उच्च स्तर का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
किसकी कितनी पावर बढ़ी?
- सहायक अभियंता (AEN): पहले सहायक अभियंता 11 केवी और एलटी लाइन से जुड़े कार्यों (जैसे- पोल शिफ्टिंग, फीडर सुदृढ़ीकरण आदि) के लिए केवल 15 हजार रुपए तक की स्वीकृति दे सकते थे। अब इस सीमा को बढ़ाकर सीधे 2 लाख रुपए कर दिया गया है।
- अधिशासी अभियंता (XEN): 11 केवी और एलटी लाइन से जुड़े कार्यों के लिए अधिशासी अभियंता की कार्य स्वीकृति सीमा 2 लाख रुपए से बढ़ाकर 20 लाख रुपए कर दी गई है।
- अधीक्षण अभियंता (SE): अधीक्षण अभियंता को भी अब 20 लाख रुपए तक के कार्यों की स्वीकृति का अधिकार दे दिया गया है।
उच्च अधिकारियों के वित्तीय अधिकार
- मुख्य अभियंता (मुख्यालय): इन्हें 33 केवी ग्रिड से जुड़े कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपए तक की वित्तीय स्वीकृति देने का अधिकार होगा।
- मुख्य अभियंता स्तर के अन्य अधिकारी: मुख्य अभियंता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता और संभागीय मुख्य अभियंता को 11 केवी लाइन से जुड़े वितरण तंत्र, फीडर, कैपिटल वर्क्स तथा वितरण ट्रांसफार्मरों से संबंधित कार्यों के लिए बजट प्रावधानों के अनुसार ‘पूर्ण वित्तीय अधिकार’ दिए गए हैं।
- चेयरमैन व एमडी: डिस्कॉम अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) के लिए कार्यों की स्वीकृति की कोई वित्तीय सीमा निर्धारित नहीं रहेगी।
कार्यों का निस्तारण होगा तेज ऊर्जा सचिव एवं जयपुर डिस्कॉम की प्रबंध निदेशक आरती डोगरा ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंजीनियरों की वित्तीय सीमाओं में यह बढ़ोतरी की गई है। वित्तीय शक्तियां बढ़ने से फील्ड में होने वाले छोटे-छोटे कार्यों की मंजूरी स्थानीय स्तर पर ही मिल जाएगी। इसके लिए उच्च स्तर की स्वीकृति का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उपभोक्ता कार्यों का निस्तारण तेजी से हो सकेगा।