सादा वस्त्रों में ‘कालिका’ का पहरा: मॉल से लेकर बस स्टैंड तक मनचलों की सामूहिक धरपकड़

जयपुर : महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को राजस्थान पुलिस ने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाते हुए पूरे प्रदेश में एक व्यापक ‘डिकॉय ऑपरेशन’ छेड़ दिया है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के सीधे निर्देशन में शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रदेशभर की ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ और महिला पुलिसकर्मियों ने सादा वस्त्रों में सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहकर मनचलों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस विशेष ऑपरेशन के दौरान अब तक राज्यभर में 140 मनचलों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई अन्य संदिग्धों को समझाइश देकर छोड़ा गया।

सादा वर्दी में ‘कालिका’ का कड़ा एक्शन

आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, पार्क, बस स्टैंड और मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणियों और पीछा करने जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाना है। महिला पुलिसकर्मियों ने आम नागरिक बनकर संदिग्धों पर नजर रखी और मौके पर ही उन्हें रंगे हाथों दबोचा।

जयपुर आयुक्तालय: मॉल और बस स्टैंड पर छापेमारी

राजधानी जयपुर में कार्रवाई का नेतृत्व करते हुए पुलिस ने 17 युवकों को गिरफ्तार किया।

  • एमडी रोड: एक महिला को फोन पर परेशान करने वाले युवक को गिरफ्तार किया गया।
  • सिंधी कैंप: महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले 5 युवकों को महिला कांस्टेबलों ने दबोचा।
  • हाइपर सिटी मॉल: नशे की हालत में छेड़छाड़ कर रहे व्यक्ति को महिला कांस्टेबल माया ने गिरफ्तार करवाया।
  • आदर्श नगर व हरमाड़ा: यहां भी पुलिस उपायुक्त रंजिता के नेतृत्व में प्रभावी कार्रवाई की गई।

जिलावार कार्रवाई के आंकड़े

इस अभियान के तहत खैरथल-तिजारा में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहाँ 14 मनचलों को सलाखों के पीछे भेजा गया। इसके अलावा अन्य जिलों का विवरण इस प्रकार है:

  • कोटपूतली-बहरोड़: 11 गिरफ्तार।
  • हनुमानगढ़, झुंझुनूं और बूंदी: प्रत्येक जिले में 10-10 गिरफ्तारियां।
  • डूंगरपुर और सवाई माधोपुर: 9-9 मनचले दबोचे गए।
  • जोधपुर और भिवाड़ी: 8-8 असामाजिक तत्व पकड़े गए।
  • डीडवाना-कुचामन और फलौदी: 7-7 गिरफ्तार।
  • जैसलमेर, दौसा और अन्य: इन क्षेत्रों में भी 5 से लेकर 1 तक की संख्या में गिरफ्तारियां की गईं।

भविष्य की रणनीति: जारी रहेगा अभियान

राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी के निर्देशानुसार, यह डिकॉय ऑपरेशन आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि सादा वस्त्रों में पुलिस की नजर हर उस शख्स पर है जो सार्वजनिक स्थानों पर अशांति या असुरक्षा का माहौल पैदा करने की कोशिश करेगा।

Share This Article
Leave a Comment