जयपुर: भव्य समारोह और विशिष्ट अतिथियों का जमावड़ा

आस्था की शक्ति, सनातन संस्कृति की विरासत और विज्ञान की दिलचस्प दुनिया का अनूठा मेल लेकर आ रही हिंदी फिल्म ‘देवी विज्ञानम्’ का बहुप्रतीक्षित ऑफिशियल ट्रेलर जयपुर में लॉन्च हुआ। यह भव्य समारोह जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित किया गया, जहां शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी द्वारा ट्रेलर को विधिवत रूप से लॉन्च किया गया। इस शानदार कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य, राष्ट्रीय करणी सेना के अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत, मानवेंद्र सिंह और समाजसेवी मनीष रिनवा सहित कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। सभी अतिथियों ने आस्था और विज्ञान के इस विषय को बड़े पर्दे पर लाने की सराहना की।
सनातन संस्कृति को मिला आशीर्वाद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि इस फिल्म के जरिए मां करणी (डोकरी) का आशीर्वाद पूरी फिल्म की कास्ट और दर्शकों पर सदैव बना रहे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमारे देवी-देवताओं की गाथा हर घर तक पहुंचनी जरूरी है। वहीं, बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि सनातन संस्कृति को साथ लेकर आगे बढ़ने वाले सभी लोगों पर हमेशा आशीर्वाद बना रहता है।
एक्सपोज़ नाउ से खास बातचीत: टीकू तलसानिया की जयपुर में शूटिंग की इच्छा
फिल्म की स्टारकास्ट ने ‘Expose Now‘ के साथ अपने खास अनुभव साझा किए। जब दिग्गज अभिनेता टीकू तलसानिया से पूछा गया कि अगर यह फिल्म राजस्थानी में होती तो उनके अभिनय पर क्या प्रभाव पड़ता? इस पर उन्होंने बताया कि वह पहले भी राजस्थानी सुपरहिट फिल्म ‘बाई चाली सासरिये’ में काम कर चुके हैं, जिसे जनता का अपार प्यार मिला था। राजस्थानी बोली आने के सवाल पर मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, “आवे.. आवे..” टीकू तलसानिया ने यह इच्छा भी जताई कि उन्हें कोई ऐसी फिल्म मिले जिसकी शूटिंग जयपुर में हो, ताकि काम के बहाने गुलाबी नगरी घूमने का मौका मिल सके।
सकारात्मक ऊर्जा और मां का आशीर्वाद
अभिनेत्री पूजा जोशी ने Expose Now को बताया कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें हर वक्त एक सकारात्मक ऊर्जा महसूस होती थी, जिसकी वजह से बिना किसी परेशानी के फिल्म पूरी हो गई।

करणी आर्यवर्धन (के. आर्यवर्धन), जिन्होंने फिल्म में नकारात्मक किरदार निभाया है, ने कहा कि ऐसे किरदार निभाना चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि दर्शकों की प्रतिक्रिया का डर रहता है। लेकिन चूंकि फिल्म में उनके किरदार की हार मां करणी के समक्ष होती है, इसलिए उन्होंने इस भूमिका को खुशी-खुशी स्वीकार किया।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता चेतन धनानी (जिन्हें गुजराती फिल्म ‘रेवा’ के लिए अवॉर्ड मिला था) ने एक्सपोज़ नाउ से बातचीत में कहा, “मेरी पहली फिल्म रेवा मां नर्मदा की कहानी बताती है, और दूसरी फिल्म मां करणी के प्रताप को दर्शा रही है। मुझे लगता है कि मुझ पर हर मां का आशीर्वाद है, इसीलिए मुझे ऐसे किरदारों के लिए चुना गया।”

फिल्म का विजन और रिलीज डेट
निर्देशक कर्तव्य शाह ने कहा कि यह फिल्म उनके दिल के बेहद करीब है। इसका मकसद आस्था, सनातन संस्कृति और विज्ञान के बीच के दिलचस्प रिश्ते को एक्सप्लोर करना है। किंग प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी ‘देवी विज्ञानम्’ 4 दिसंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में पैन इंडिया रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार है।