बीकानेर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को बीकानेर में आयोजित ‘विकसित राजस्थान-2047’ युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य के युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि राजस्थान की युवा शक्ति के विचार, नवाचार, कौशल और उद्यमिता ही ‘विकसित राजस्थान-2047’ की मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार युवाओं को उनकी प्रतिभा दिखाने के लिए जरूरी संसाधन, सहयोग और अनुकूल माहौल उपलब्ध करा रही है।
रोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सिर्फ ‘रोजगार मांगने वाला’ (Job Seeker) नहीं, बल्कि ‘रोजगार देने वाला’ (Job Provider) बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग के लिए इकाइयां स्थापित करने से युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान भी मिल सकेगी। इसके अलावा, प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
भर्तियों और रोजगार के आंकड़े
- पूरी हुई नियुक्तियां: अब तक पारदर्शी तरीके से 410 परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं और लगभग 1 लाख 78 हजार से ज्यादा पदों पर युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
- जारी प्रक्रिया: वर्तमान में 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
- आगामी भर्तियां: सरकार जल्द ही 70 हजार से ज्यादा नए पदों पर भर्ती की तैयारी कर रही है।
- निजी क्षेत्र: निजी क्षेत्र में भी लगभग 4 लाख युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं।
बीकानेर के लिए 807 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा ने बीकानेर जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, कृषि और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों से जुड़े लगभग 807 करोड़ रुपए की लागत वाले 90 विकास कार्यों की घोषणा की। मुख्य घोषणाएं इस प्रकार हैं:
- सड़क विकास: 105 करोड़ रुपए की लागत से सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं (जैसे- एमडीआर पालना-खाजूवाला, भुरसर-बल्लर और पूगल-माकेरी सड़कों का चौड़ीकरण व नवीनीकरण)।
- मिनी सचिवालय: लूनकरनसर में एक नए मिनी सचिवालय की स्थापना, जिससे प्रशासनिक सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकें।
- अस्पताल व ट्रॉमा सेंटर: श्रीडूंगरगढ़ में 25 करोड़ रुपए की लागत से उप-जिला अस्पताल और आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण।
- ओवरब्रिज: बीकानेर शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात पाने के लिए म्यूजियम सर्कल पर एक नए ओवरब्रिज का निर्माण।
- सब-हेल्थ सेंटर: गजसुखदेसर, बागसेऊ, लिलका, रताडिया, बिडासरिया, जखासर नया, रानेर और मिठाडिया में करीब 4.5 करोड़ रुपए की लागत से सब-हेल्थ सेंटर की नई इमारतें बनेंगी।