ब्यावर: राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने ब्यावर जिले में कार्रवाई करते हुए सदर थाने के एक हेड कांस्टेबल और दलाल को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। हेड कांस्टेबल ने भैंस चोरी के एक मामले में राजीनामा करवाने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी पैसे लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
क्या है पूरा मामला?
एसीबी के एएसपी राजवीर सिंह के अनुसार, एसीबी को ब्यावर सदर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल रामाकिशन और कांस्टेबल मनोज के खिलाफ शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता की बहन से जुड़े भैंस चोरी के एक मामले में राजीनामा करवाने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। यह रकम राजीनामा की 9 हजार रुपए की राशि के अतिरिक्त थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई, जिसके तहत 8 हजार रुपए रिश्वत देना तय हुआ।
थाने के बाहर दलाल के जरिए ले रहा था घूस
सोमवार शाम को ब्यावर सदर थाने के हेड कांस्टेबल रामाकिशन के निर्देश पर दलाल कानाराम ने परिवादी से 8 हजार रुपए की रिश्वत ली। इसी दौरान एसीबी की टीम वहां पहुंच गई। टीम को देखकर दलाल कानाराम घबरा गया और उसने पास खड़े अपने परिचित राहुल काठात को रुपए थमा दिए। राहुल रिश्वत के पैसे लेकर मौके से फरार हो गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, फरार की तलाश जारी
पूछताछ के दौरान दलाल कानाराम ने हेड कांस्टेबल रामाकिशन के लिए रिश्वत लेने की बात कबूल कर ली। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर हेड कांस्टेबल रामाकिशन और दलाल कानाराम को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पैसे लेकर भागे आरोपी राहुल की तलाश के लिए एसीबी की टीमें जुटी हुई हैं।
