राजस्थान के 24 जिलों में अब किसानों को दिन में बिजली; CM भजनलाल शर्मा ने दौसा-करौली के लिए की घोषणा

राजस्थान के अन्नदाताओं के लिए एक बड़ी और राहतभरी खबर है। प्रदेश के 22 जिलों के बाद अब दौसा एवं करौली जिलों में भी कृषि उपभोक्ताओं को खेती के लिए दिन के दो ब्लॉक में बिजली सुलभ होने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार रात अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स‘ (X) पर पोस्ट करके यह महत्वपूर्ण घोषणा की। इस निर्णय के बाद अब प्रदेश के कुल 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित हो गई है।

2027 तक पूरे प्रदेश को दिन में बिजली देने का संकल्प

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने का महत्वाकांक्षी संकल्प लिया है। इस क्रम में वर्ष 2024-25 के परिवर्तित बजट में इस कार्य को चरणबद्ध रूप से वर्ष 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक प्रदेश के 22 जिलों में यह व्यवस्था लागू थी, जिससे अब जयपुर विद्युत वितरण निगम के दौसा एवं करौली जिले भी जुड़ गए हैं।

वर्तमान में इन जिलों को मिल रही है दिन में बिजली

फिलहाल जयपुर डिस्कॉम के 7 जिलों (धौलपुर, बूंदी, कोटा, झालावाड़, जयपुर, डीग एवं भरतपुर) के किसानों को सिंचाई के लिए दिन के दो ब्लॉक में बिजली उपलब्ध हो रही है। इसी तरह अजमेर डिस्कॉम के 12 जिलों (अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, उदयपुर, सलूम्बर, राजसमंद, बांसवाड़ा, झुन्झुनूं, सीकर, चित्तौड़गढ एवं डूंगरपुर) तथा जोधपुर डिस्कॉम के 3 जिलों (जालौर, सिरोही एवं पाली) में भी कृषकों को दिन के दो ब्लॉक में आपूर्ति की जा रही है। दौसा और करौली के जुड़ जाने से यह संख्या 24 पहुँच गई है।

मजबूत विद्युत तंत्र और सौर ऊर्जा से साकार हुई घोषणा

इस घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए जयपुर डिस्कॉम ने दौसा एवं करौली जिलों में विद्युत तंत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है।

  • नए जीएसएस (GSS): दौसा जिले में 33 केवी के 18 तथा करौली जिले में 33 केवी के 6 नए ग्रिड सब स्टेशन स्थापित किए गए हैं।
  • क्षमता वृद्धि: दौसा में 47 तथा करौली में 15 सब स्टेशनों (33 केवी) पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता में भारी वृद्धि की गई है।
  • सौर ऊर्जा (PM Kusum): दोनों जिलों में पीएम कुसुम योजना के तहत 32 मेगावाट क्षमता के 17 सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

87,801 कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगी कड़ाके की सर्दी से राहत

इस निर्णय का सीधा लाभ दौसा जिले के 52,460 तथा करौली जिले के 35,341 कृषि उपभोक्ताओं को दिन में बिजली आपूर्ति के रूप में मिलेगा। अब किसानों को कड़ाके की सर्दी एवं बारिश में रात्रि के समय सिंचाई करने की मजबूरी नहीं रहेगी, जिससे जंगली-जानवरों का खतरा भी कम होगा और वे रात्रि में अपने परिवार के साथ समय व्यतीत कर सकेंगे।

Share This Article
Leave a Comment