राजस्थान दिवस 2026: हवामहल पर पर्यटकों का शाही स्वागत, लोक गीतों और ‘कच्ची घोड़ी’ नृत्य ने बांधा समां

जयपुर। राजस्थान दिवस समारोह 2026 के भव्य आयोजन के तहत आज, 17 मार्च 2026 को जयपुर के विश्व प्रसिद्ध स्मारक हवामहल में उत्सव जैसा माहौल रहा। राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए यहाँ आने वाले देशी और विदेशी पर्यटकों का भव्य स्वागत किया गया।

पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत

स्मारक में प्रवेश करने वाले प्रत्येक पर्यटक का राजस्थानी परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर और पुष्प भेंट कर अभिनंदन किया गया। पर्यटकों के स्वागत के लिए स्मारक परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहाँ लोक कलाकारों द्वारा शहनाई और नगाड़ों की सुरीली धुनों ने माहौल को उत्सवपूर्ण बना दिया।

कच्ची घोड़ी नृत्य और लोक प्रस्तुतियां

समारोह का मुख्य आकर्षण ‘कच्ची घोड़ी’ नृत्य की प्रस्तुति रही, जिसे देखकर पर्यटक मंत्रमुग्ध हो गए। कलाकारों के उत्साह और पारंपरिक वेशभूषा ने विदेशी मेहमानों को भी थिरकने पर मजबूर कर दिया। स्मारक के चौक में लोक संगीत की गूंज के बीच पर्यटकों ने राजस्थान की जीवंत संस्कृति का अनुभव किया।

सेल्फी पॉइंट पर यादें की कैद

पर्यटन विभाग की ओर से राजस्थान दिवस के विशेष उपलक्ष्य में हवामहल परिसर में एक आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किया गया। पर्यटकों और स्थानीय युवाओं ने यहाँ अपनी यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। आगंतुकों ने राजस्थान की मेहमाननवाज़ी की सराहना करते हुए इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बताया।

Share This Article
Leave a Comment