जयपुर: रेलवे ने राजस्थान के यात्रियों को बेहतरीन और सुलभ कनेक्टिविटी देने के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। प्रदेश को अब दूसरी ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ (Amrit Bharat Express) ट्रेन की सौगात मिल गई है। हाल ही में होली के पर्व पर चलाई गई जोधपुर-मऊ-जोधपुर स्पेशल ट्रेन को अब रेलवे ने नियमित करते हुए इसे ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ के रूप में संचालित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
इस नई ट्रेन के शुरू होने से राजस्थान के कई शहरों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश (UP) के प्रमुख शहरों तक जाने के लिए एक शानदार और किफायती विकल्प मिलेगा।
होली स्पेशल से बनी नियमित ‘अमृत भारत’
जानकारी के अनुसार, रेलवे ने होली पर भारी यात्रीभार को देखते हुए जोधपुर-मऊ स्पेशल ट्रेन (संख्या 04823/04824) शुरू की थी। यात्रियों के शानदार रेस्पॉन्स के बाद रेल मंत्रालय ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर इसे नियमित कर दिया है।
- नया नंबर और नाम: अब यह ट्रेन 14809/14810 जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस के नाम से जानी जाएगी।
- संचालन के दिन: यह एक साप्ताहिक ट्रेन होगी, जो जोधपुर से हर रविवार को और वापसी में मऊ से हर मंगलवार को प्रस्थान करेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
जोधपुर से मऊ तक के सफर में यह ट्रेन राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को कवर करेगी, जिससे व्यापार और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा:
- राजस्थान के प्रमुख स्टेशन: पीपर रोड जंक्शन, गोटन, मेड़ता रोड जंक्शन, रेन, डेगाना जंक्शन, मकराना जंक्शन, कुचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा जंक्शन, जयपुर जंक्शन, बांदीकुई जंक्शन, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर।
- उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्टेशन: मथुरा, कासगंज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या और आजमगढ़।
मदार-दरभंगा के बीच चल रही है पहली अमृत भारत ट्रेन
गौरतलब है कि राजस्थान की पहली अमृत भारत ट्रेन का संचालन मदार (अजमेर) और दरभंगा (बिहार) के बीच किया जा रहा है। इस साप्ताहिक ट्रेन की शुरुआत पिछले साल 3 अक्टूबर को हुई थी। यह ट्रेन हर शुक्रवार रात 9:25 बजे मदार से रवाना होकर रविवार रात 12:45 बजे दरभंगा पहुंचती है, और वापसी में रविवार सुबह 4:15 बजे दरभंगा से चलकर सोमवार दोपहर 1:20 बजे मदार (अजमेर) लौटती है। इस ट्रेन को भी यात्रियों का बेहतरीन रिस्पॉन्स मिल रहा है।
