नागौर पुलिस का तस्कर पर अनोखा प्रहार: वांटेड अपराधी अर्जुनराम पर घोषित किया ’25 पैसे’ का इनाम

नागौर: राजस्थान के नागौर जिले में पुलिस ने एक वांटेड अपराधी को पकड़ने के लिए एक ऐसा मनोवैज्ञानिक और सांकेतिक कदम उठाया है जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश के पुलिस महकमे और सोशल मीडिया पर हो रही है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मृदुल कच्छावा ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तीन गंभीर मामलों में लंबे समय से वांछित आरोपी अर्जुनराम विश्नोई की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए महज 25 पैसे का इनाम घोषित किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 11 मार्च 2026 को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, आरोपी अर्जुनराम पुत्र जिसुखराम विश्नोई, निवासी रोटु (थाना जायल), पर मादक पदार्थ तस्करी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इनमें जायल थाने में फरवरी 2026 का मामला (धारा 8/20), कुचेरा थाने में अक्टूबर 2025 का मामला (धारा 8/21, 8/22) और जायल थाने में ही फरवरी 2026 का एक अन्य मामला (धारा 8/29) शामिल है। इन सभी मामलों में आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा है।

आमतौर पर वांटेड अपराधियों पर हजारों या लाखों का इनाम रखा जाता है, लेकिन नागौर एसपी ने इस तस्कर पर ‘चवन्नी’ का इनाम घोषित कर उसे समाज में उसकी वास्तविक स्थिति दिखाने का प्रयास किया है। एसपी मृदुल कच्छावा अपने कार्यकाल में पहले भी ऐसे कई सख्त और अनूठे निर्णय ले चुके हैं जो अपराधियों के मनोबल को तोड़ने वाले साबित हुए हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जो कोई भी व्यक्ति इस अपराधी को गिरफ्तार करने में मदद करेगा या सही सूचना देगा, उसे यह राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी और सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस ने आमजन की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9530413100 भी जारी किया है। इसके साथ ही, आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति इस वांछित अपराधी की गिरफ्तारी में बाधा डालता है, तो पुलिस विधि सम्मत आवश्यक बल प्रयोग कर उसे भी हिरासत में ले सकती है।

Share This Article
Leave a Comment