Rajasthan Weather Live: आज तपिश, कल से बारिश! 14 शहरों में पारा 31°C पार; जयपुर-जोधपुर समेत 5 संभागों में कल से बिगड़ेगा मौसम

जयपुर: राजस्थान में मौसम पल-पल रंग बदल रहा है। प्रदेशवासी फ़िलहाल फरवरी में ही मई जैसी गर्मी का अहसास कर रहे हैं। राज्य के 14 प्रमुख शहरों में दिन का तापमान 31°C के आंकड़े को छू गया है। आज, सोमवार को भी दिन भर तेज धूप खिली रहने और मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने स्पष्ट कर दिया है कि यह गर्मी सिर्फ आज भर की है। कल यानी मंगलवार (17 फरवरी) से प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।

आज का हाल: बाजारों में ‘गर्मी’ की दस्तक

दिन में तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोग पसीने-पसीने हो रहे हैं, जबकि सुबह और देर रात अभी भी हल्की सिरहन महसूस की जा सकती है। इस बदलते मौसम का असर बाजारों पर साफ़ दिख रहा है। लोग अब गर्म कपड़ों को पैक कर हल्के कपड़ों की खरीदारी की ओर रुख कर रहे हैं।

कल से इन जिलों में बारिश का अलर्ट (साप्ताहिक पूर्वानुमान):

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते कल से मौसम में बदलाव शुरू होगा:

  • आज (16 फरवरी): प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। गर्मी का अहसास बना रहेगा।
  • कल, मंगलवार (17 फरवरी): मौसम करवट लेगा। जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं बारिश होने की प्रबल संभावना है।
  • बुधवार (18 फरवरी): बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में मेघगर्जन (बिजली चमकने) के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
  • 19 से 21 फरवरी: इसके बाद मौसम फिर से साफ होने लगेगा, हालांकि आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को 17 और 18 फरवरी को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share This Article
Leave a Comment