करौली। करौली में दंगे के मास्टरमाइंड अमीनुद्दीन खान की अवैध संपत्ति पर चल रहे बुलडोजर की कार्रवाई पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट की है। Expose Now की खबर के बाद प्रशासन पूरी तैयारी और कानूनी प्रक्रिया के तहत यह कार्रवाई कर रहा है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि जांच में निर्माण पूरी तरह अवैध पाया गया है।
आयुक्त बोले- जांच में अवैध मिला निर्माण, पट्टे निरस्त किए
नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीना ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि विवादित बिल्डिंग और होटल की तकनीकी जांच की गई थी। जांच में पाया गया कि वहां अवैध निर्माण किया गया है। इसके बाद नगर परिषद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संपत्ति के दो पट्टों को निरस्त कर दिया है और अब अवैध निर्माण को हटाने (ध्वस्त करने) की कार्रवाई की जा रही है।
कानून व्यवस्था के लिए एडीएम बने मजिस्ट्रेट
कार्रवाई के दौरान शांति बनी रहे, इसके लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) हेमराज परिडवाल ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना द्वारा उन्हें मौके पर कानून मजिस्ट्रेट (Law Magistrate) नियुक्त किया गया है। उनकी निगरानी में नगर परिषद आयुक्त द्वारा अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।
शहर में भारी पुलिस बल तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) गुमनाराम ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक (SP) लोकेश सोनवाल के निर्देश पर शहर के विभिन्न मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस का भारी जाप्ता तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
