EXPOSE NOW का बड़ा असर: भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार शिकायतों के बाद वरिष्ठ विद्युत निरीक्षक गौरीशंकर जीनगर निलंबित

जयपुर, वरिष्ठ विद्युत निरीक्षक गौरीशंकर जीनगर के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में आखिरकार गाज गिर गई है। लंबे समय से विभाग में जीनगर के खिलाफ शिकायतों का अंबार लगा हुआ था, जिसका खुलासा ‘Expose Now’ ने प्रमुखता से किया था। अब ऊर्जा विभाग और कार्मिक विभाग ने इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबन के आदेश जारी कर दिए हैं।

‘Expose Now’ के खुलासे ने बढ़ाई थी विभाग की मुश्किल

जीनगर के भ्रष्टाचार को लेकर विभाग के पास लगातार शिकायतें आ रही थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। ‘Expose Now’ ने जब इस पूरे मामले का पर्दाफाश (Expose) किया और तथ्यों के साथ भ्रष्टाचार के खेल को जनता के सामने रखा, तब विभाग हरकत में आया। ‘Expose Now’ के खुलासे के बाद ऊर्जा विभाग ने आनन-फानन में जांच कमेटी बैठाई थी।

जांच में सही पाए गए गंभीर आरोप

ऊर्जा विभाग द्वारा की गई गहन जांच में वे सभी आरोप सही पाए गए जिन्हें ‘Expose Now’ ने अपनी रिपोर्ट में उजागर किया था। जांच रिपोर्ट में जीनगर को भ्रष्टाचार और घोर लापरवाही का दोषी माना गया। इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर कार्मिक विभाग ने निलंबन की कार्रवाई को अंजाम दिया है।

मुख्यालय में देनी होगी उपस्थिति

निलंबन के दौरान गौरीशंकर जीनगर को ऊर्जा विभाग के संयुक्त शासन सचिव कार्यालय में अपनी उपस्थिति देनी होगी। विभाग अब जीनगर के कार्यकाल के दौरान हुए अन्य फैसलों की भी समीक्षा कर रहा है।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस: ‘Expose Now’ की रिपोर्टिंग के बाद विभाग पर कार्रवाई का भारी दबाव था। सरकार ने इस निलंबन के जरिए साफ संदेश दिया है कि भ्रष्ट अधिकारियों के लिए सिस्टम में कोई जगह नहीं है।

Share This Article
Leave a Comment