PM-RKVY में राजस्थान का शानदार प्रदर्शन: 79% बजट खर्च कर देश में अग्रणी, अब सवाई माधोपुर में ‘अमरूद महोत्सव’ की तैयारी

जयपुर, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के दौरान राजस्थान ने कृषि कल्याण के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक में पीएम-राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और उड़ीसा सहित कई राज्यों ने भाग लिया।

बजट व्यय में राजस्थान की उपलब्धि

राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बैठक में बताया कि प्रदेश सरकार ने केंद्र से प्राप्त संसाधनों का बेहतरीन उपयोग किया है:

  • कुल प्राप्त बजट: ₹425 करोड़
  • अब तक किया गया व्यय: ₹333 करोड़
  • व्यय का प्रतिशत: 79%

डॉ. किरोड़ी लाल ने विश्वास दिलाया कि शेष बजट राशि का उपयोग भी जल्द ही विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से कर किसानों को सीधे लाभान्वित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री को ‘अमरूद महोत्सव’ का न्योता

कृषि मंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को 18–19 जनवरी 2026 को सवाई माधोपुर में आयोजित होने वाले ‘अमरूद महोत्सव एवं उन्नत कृषि तकनीकी मेले’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव सवाई माधोपुर के ‘पंच गौरव’ में शामिल अमरूद को वैश्विक पहचान दिलाने का एक बड़ा माध्यम बनेगा।

सिंचाई संयंत्रों और फार्म पॉन्ड अनुदान बढ़ाने की मांग

किसानों की व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए डॉ. किरोड़ी लाल ने केंद्र सरकार के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखीं:

  1. यूनिट कॉस्ट में वृद्धि: वर्ष 2017 के बाद सिंचाई संयंत्रों की कीमतों में भारी उछाल आया है, अतः इसकी इकाई लागत में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि की जाए।
  2. फार्म पॉन्ड (खेत तलाई): किसानों को खेत तलाई के निर्माण के लिए मिलने वाले अनुदान में भी बढ़ोतरी की जाए।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव (कृषि एवं उद्यानिकी) मंजू राजपाल और आयुक्त कृषि चिन्मयी गोपाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment