जयपुर। एक निजी कंपनी को कथित तौर पर लाभ पहुंचाकर उससे कम दामों में 64 विला खरीदने के आरोपों से घिरे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को शनिवार को सुप्रीम कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की एफआईआर और जांच पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर उनकी विशेष अनुमति याचिका (SLP) पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने मामले में दखल देने से साफ इनकार कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को दिए जल्द सुनवाई के निर्देश
जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी. मोहना की खंडपीठ ने शिखर अग्रवाल की याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने तत्काल कोई भी अंतरिम राहत देने से मना करते हुए कहा कि वह इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगा। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने शिखर अग्रवाल को अंतरिम राहत के लिए राजस्थान हाईकोर्ट के समक्ष प्रार्थना पत्र पेश करने की छूट दी है। साथ ही, शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि मामले की जल्द से जल्द सुनवाई की जाए और इसे किसी भी कारण से टाला न जाए। कोर्ट ने दोनों पक्षों को हाईकोर्ट के समक्ष अपने सभी कानूनी मुद्दे और दलीलें रखने की स्वतंत्रता दी है।
हाईकोर्ट से राहत न मिलने पर पहुंचे थे सुप्रीम कोर्ट
इससे पहले, 19 नवंबर को राजस्थान हाईकोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार और एसीबी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था, लेकिन एसीबी की जांच पर रोक लगाने से इनकार करते हुए अगली सुनवाई 18 दिसंबर तय की थी। हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिलने पर शिखर अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।
दोनों पक्षों की दलीलें
- शिखर अग्रवाल का पक्ष: वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने पैरवी करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता का करियर बेदाग रहा है और उन्हें सुनवाई का मौका दिए बिना ही जांच की अनुमति दे दी गई, वह भी तब जब वे देश में मौजूद नहीं थे। उन्होंने दलील दी कि खरीदे गए सभी विला की जानकारी स्वयं दी गई है और रिटर्न में भी इसका उल्लेख है। पूरी कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण बताते हुए उन्होंने दंडात्मक कार्रवाई पर रोक की मांग की।
- राज्य सरकार का पक्ष: सरकार की ओर से अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी, अतिरिक्त महाधिवक्ता शिव मंगल शर्मा और अतिरिक्त महाधिवक्ता पद्मेश मिश्रा ने अंतरिम राहत का विरोध करते हुए तर्क दिया कि यह मामला पहले से ही हाईकोर्ट के समक्ष लंबित है।
क्या है 64 विला खरीद का पूरा मामला?
इस पूरे प्रकरण की शुरुआत 27 अक्टूबर को हुई थी, जब यह खुलासा हुआ कि आईएएस शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के नाम पर महज ढाई साल के भीतर एक ही कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदे गए हैं।
इस खुलासे के बाद एसीबी ने 31 अक्टूबर को प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज की। जांच के दौरान सामने आया कि शिखर अग्रवाल ने अक्टूबर महीने में जयपुर के अनंता रिसॉर्ट में अपने दोनों बेटों के नाम पर 24 और विला मात्र 11-11 लाख रुपए में खरीदे थे, जबकि कंपनी के ब्रोशर में इनकी कीमत 59-59 लाख रुपए दर्शाई गई थी। इसके बाद परिवार द्वारा खरीदे गए कुल विला की संख्या 40 से बढ़कर 64 हो गई। जांच के आधार पर एसीबी ने 18 नवंबर को आईएएस शिखर अग्रवाल सहित गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड (अनंता रिसॉर्ट्स) के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।