करौली: जिले में निर्वाचन विभाग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कुडगांव पंचायत समिति की ग्राम पंचायत करसाई में पंच चुनाव के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रिटर्निंग अधिकारी पर 42 वोटों से चुनाव जीतने वाली महिला प्रत्याशी को दरकिनार कर हारी हुई प्रत्याशी को जीत का प्रमाण-पत्र जारी करने का गंभीर आरोप लगा है। इस पूरे प्रकरण को लेकर जब Expose Now ने उपजिला निर्वाचन अधिकारी जगदीश प्रसाद गौड़ से सवाल किया, तो उनका कहना है कि मामले की शिकायत मिली है और इसकी जांच करवाई जा रही है।
154 वोट पाकर भी नहीं मिला सर्टिफिकेट, 112 वोट वाली को बनाया विजेता
वामनपुरा निवासी पीड़ित महिला लाखन्ती (पत्नी जगमोहन माली) ने 27 नवंबर 2026 को जिला निर्वाचन अधिकारी करौली को एक लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत करसाई में सरपंच और पंचों के चुनाव संपन्न हुए थे। वार्ड संख्या 3 से पंच पद के लिए लाखन्ती और नर्वदा चुनावी मैदान में थीं। मतदान के बाद रिटर्निंग अधिकारी भरतलाल जाटव, अतरसिंह मीना और उनके सहकर्मियों द्वारा मतगणना की गई।
पीड़िता का दावा है कि मतगणना में उसे 154 वैध मत मिले, जबकि प्रतिद्वंदी नर्वदा को मात्र 112 वैध मत प्राप्त हुए। इस तरह लाखन्ती 42 वैध मतों से विजयी घोषित हुईं, जिसका स्पष्ट अंकन जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त प्रमाणित परिणाम शीट में भी दर्ज है। इसके बावजूद रिटर्निंग अधिकारी ने षड्यंत्र के तहत विजयी प्रत्याशी लाखन्ती को प्रमाण-पत्र देने के बजाय 42 वोटों से चुनाव हारी हुई नर्वदा को निर्वाचित होने का प्रमाण-पत्र जारी कर दिया। मतगणना के दौरान मौजूद अन्य प्रत्याशियों ने भी इस पर आपत्ति जताई थी, लेकिन अधिकारी ने एक न सुनी।

उप सरपंच के चुनाव में भी हुई धांधली का आरोप
लाखन्ती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि यह पूरा खेल उन्हें उप सरपंच बनने से रोकने के लिए रचा गया था। निर्वाचन प्रमाण-पत्र नहीं मिलने के कारण वे 17 नवंबर 2026 को हुए उप सरपंच के चुनाव में भाग नहीं ले सकीं और अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित रह गईं। दूसरी ओर, हारी हुई प्रत्याशी नर्वदा अयोग्य होने के बावजूद उप सरपंच के चुनाव में शामिल हुई और अपने चहेते प्रत्याशी के पक्ष में अनुचित रूप से मतदान किया। पीड़िता ने इसे पद व शक्तियों का दुरुपयोग और लोकतंत्र की हत्या बताया है।

निलंबन, एफआईआर और दोबारा चुनाव की मांग
पीड़ित महिला ने जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त (नई दिल्ली) और राज्य निर्वाचन आयोग (जयपुर) को भी इस शिकायत की प्रतिलिपि भेजी है। उन्होंने मांग की है कि करसाई पंचायत के रिटर्निंग अधिकारी को तत्काल सरकारी सेवा से निलंबित कर उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके अलावा नर्वदा का फर्जी निर्वाचन प्रमाण-पत्र निरस्त कर लाखन्ती को वार्ड नंबर 3 से निर्वाचित पंच का प्रमाण-पत्र जारी किया जाए और ग्राम पंचायत करसाई में उप सरपंच का चुनाव फिर से करवाया जाए।