बाड़ेबंदी, कथित अपहरण और सेंधमारी का खेल: 37 जिला परिषदों में शह-मात तेज, बीकानेर में कांग्रेस सदस्य की गुमशुदगी पर बवाल

जयपुर: राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सियों पर कब्जे के लिए सियासी शह-मात का खेल तेज हो गया है। बुधवार को होने वाले जिला प्रमुख के चुनाव से पहले एक तरफ जहां दोनों प्रमुख दल अपने-अपने सदस्यों की बाड़ेबंदी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खरीद-फरोख्त, दबाव बनाने और कथित अपहरण के आरोपों ने सियासी पारा चढ़ा दिया है।

प्रदेश की 37 जिला परिषदों के चुनाव परिणामों के अनुसार, कांग्रेस को 23, भाजपा को 5 और आरएलपी को 1 परिषद में पूर्ण बहुमत मिला है। शेष 8 जिला परिषदों में जिला प्रमुख का फैसला निर्दलीय सदस्यों और क्रॉस वोटिंग पर निर्भर करेगा। चुनाव से पहले दोनों ही दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए पार्टी के चुनाव चिह्न (सिंबल) आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने लगाए 60-60 लाख के ऑफर के आरोप

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस वॉररूम में भरतपुर जिला परिषद के कांग्रेस टिकट पर जीते 18 सदस्यों को मीडिया के सामने पेश किया। इस दौरान डोटासरा ने दावा किया कि भरतपुर में कांग्रेस के 21 सदस्य जीते हैं, लेकिन भाजपा ने तीन सदस्यों—अंजू कुमारी, ओमवती और अशोक साहू—को अपने पक्ष में करने के लिए कथित तौर पर उठा लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सदस्यों को 60-60 लाख रुपये तक के ऑफर दिए जा रहे हैं और पुलिस व प्रशासन का दुरुपयोग कर उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश हो रही है।

डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि भरतपुर के सदस्य चार-पांच दिन से चौमूं के एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां चौमूं के सीआई, डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने होटल प्रबंधन व सदस्यों पर दबाव बनाया। इसके अलावा, उन्होंने डीग जिला परिषद के तीन कांग्रेस सदस्यों को एक बच्ची की हत्या से जुड़ी एफआईआर के मुद्दे को लेकर प्रभावित करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, डोटासरा ने दावा किया कि भरतपुर में जिला प्रमुख कांग्रेस का ही बनेगा।

भाजपा का 12-13 जिलों में जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य, मदन राठौड़ ने किया कांग्रेस में फूट का दावा

दूसरी ओर, पंचायत चुनाव में केवल 5 जिला परिषदों में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बावजूद भाजपा ने 12 से 13 जिलों में अपना जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य तय किया है। पार्टी का विशेष फोकस उन जिलों पर है, जहां वह बहुमत से दो-तीन सीटें पीछे है या जहां निर्दलीय सदस्य चुनावी गणित बदल सकते हैं। भाजपा ने सभी संभाग प्रभारियों को सिंबल सौंपते हुए समर्थन जुटाने के निर्देश दिए हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस मुद्दे पर कहा कि पार्टी लगभग सभी जिला परिषदों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर आपसी फूट चल रही है और आरक्षित वर्ग की सीटों पर भी कांग्रेस के असंतुष्ट सदस्य भाजपा के समर्थन में आना चाहते हैं। राठौड़ के अनुसार, पार्टी गठबंधन की संभावनाएं भी तलाश रही है और मंगलवार रात तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। भाजपा की नजर बीकानेर, भरतपुर, प्रतापगढ़, सलूम्बर और डीग के सियासी समीकरणों पर विशेष रूप से टिकी हुई है।

बीकानेर में कांग्रेस सदस्य के कथित अपहरण का मामला गरमाया

इसी बीच, बीकानेर जिला परिषद के वार्ड संख्या 9 से निर्वाचित कांग्रेस सदस्य मैना देवी की गुमशुदगी और कथित अपहरण के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कोलायत तहसील के भोलासर निवासी मैना देवी के पति नेमाराम ने जेएनवीसी थाने में पत्नी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवाद में नोखा विधायक सुशीला डूडी, भंवर कूकणा, बिशनाराम सियाग और 10-12 अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। इस घटना के विरोध में सोमवार को राष्ट्रीय सर्व मेघवंश महासभा के बैनर तले लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन भी किया। मामले की जांच कर रहे सीआईडी-सीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश मीणा ने बताया कि मैना देवी की दस्तयाबी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment