जयपुर: अमरीका में बैठकर राजस्थान के कारोबारियों को जान से मारने की धमकियां देने और रंगदारी वसूलने वाले गैंगस्टर्स पर अब अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का शिकंजा पूरी तरह कसता जा रहा है। रोहित गोदारा गैंग का फाइनेंस नेटवर्क संभालने वाला शातिर गैंगस्टर अमित शर्मा उर्फ जैक पंडित अमरीका में जमानत मिलने के बावजूद खुली हवा में सांस नहीं ले पा रहा है। अमरीकी एजेंसियों ने उसके टखने पर इलेक्ट्रॉनिक जीपीएस मॉनिटर बांध दिया है, जिससे उसके हर कदम पर 24 घंटे सीधी नजर रखी जा रही है।
अक्टूबर-2025 में हुई थी गिरफ्तारी, लक्ष्मण रेखा पार करते ही बजेगा अलर्ट

श्रीगंगानगर निवासी अमित शर्मा उर्फ जैक पंडित को राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने सीबीआई और इंटरपोल के साथ मिलकर अक्टूबर 2025 में अमरीका में गिरफ्तार करवाया था। अमरीकी कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उसके पैर में जीपीएस मॉनिटर लगाया गया है। यदि वह तय की गई भौगोलिक सीमा (लक्ष्मण रेखा) से बाहर जाता है या जमानत की किसी भी शर्त को तोड़ता है, तो तुरंत अमरीकी एजेंसियों को अलर्ट मिल जाएगा।
रोहित गोदारा गैंग का ‘कैशियर’ था अमित पंडित
पुलिस के अनुसार, अमित पंडित गैंग के कैशियर की भूमिका निभाता था। वह कारोबारियों से वसूली गई रंगदारी की रकम को हवाला के जरिए भारत में सक्रिय गुर्गों तक पहुंचाता था। इसके अलावा हथियारों की खरीद, फरार बदमाशों को फंडिंग उपलब्ध कराने और फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने में भी उसकी अहम भूमिका थी।
जग्गा के बाद ‘हरि बॉक्सर’ भी सलाखों के पीछे
अमरीका में लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा सिंडिकेट से जुड़े भारतीय गैंगस्टर्स की धरपकड़ लगातार जारी है। ये बदमाश विदेश से कॉल करके देश-प्रदेश के कारोबारियों को जान से मारने की धमकी देते थे और अपने गुर्गों के जरिए रंगदारी वसूलते थे।
- जगदीप उर्फ जग्गा: हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी के मामलों में वांछित जग्गा को अक्टूबर 2025 में अमरीका में पकड़ा गया था।

- हरिचंद जाट उर्फ हरि बॉक्सर: राजस्थान में 22 मामलों में वांछित हरि बॉक्सर पर विदेश से हथियारों की सप्लाई और रंगदारी नेटवर्क चलाने का आरोप है। उसे गत 7 नवंबर को अमरीकी एजेंसी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने हिरासत में लिया है।

कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही भारत लाए जाएंगे तीनों गैंगस्टर: एडीजी दिनेश एम.एन.
राजस्थान एटीएस-एजीटीएफ के एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि अमरीका में पकड़े गए तीनों गैंगस्टर्स को भारत डिपोर्ट कराने के लिए सीबीआई और इंटरपोल के जरिए लगातार संपर्क किया जा रहा है। इनमें से दो (जग्गा और हरि बॉक्सर) फिलहाल जेल में हैं, जबकि अमित पंडित जीपीएस निगरानी के साथ जमानत पर है। अमरीका की कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही तीनों को भारत लाया जाएगा। इनके भारत आने के बाद पूछताछ में विदेशी फंडिंग, हवाला चैनल, हथियार सप्लायर्स और वारदात के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करने वाले पूरे नेटवर्क का बड़ा पर्दाफाश होने की उम्मीद है।