जयपुर: राजधानी जयपुर की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार न्यू सांगानेर रोड पर सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक फैले अतिक्रमणों को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अदालत ने जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) को दो टूक निर्देश देते हुए दो सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। दिवाली के दौरान रुकी हुई यह कार्रवाई अब फिर से बड़े पैमाने पर शुरू होने जा रही है।

हाईकोर्ट की JDA को सख्त चेतावनी
जस्टिस इंद्रजीत सिंह और जस्टिस संगीता शर्मा की खंडपीठ ने सुरेश चंद रावत व अन्य की ओर से दायर जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए जेडीए को स्पष्ट आदेश दिया। अदालत ने कहा कि दो सप्ताह के भीतर पूरे मार्ग से अतिक्रमण हटाया जाए और इसकी पालना रिपोर्ट शपथ पत्र के साथ पेश की जाए।
कोर्ट ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जेडीए तय समय सीमा में कार्रवाई कर रिपोर्ट पेश करने में विफल रहता है, तो जिम्मेदार अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में तलब किया जाएगा।
दर्जनभर से ज्यादा अर्जियां खारिज, कानूनी अड़चनें दूर
इस मामले की सुनवाई के दौरान अतिक्रमण हटाने की राह में आ रही कानूनी बाधाओं को भी कोर्ट ने दूर कर दिया। इस मामले में पक्षकार बनने के लिए पेश किए गए करीब एक दर्जन से अधिक प्रार्थना पत्रों को खंडपीठ ने सिरे से खारिज कर दिया। याचिकाकर्ताओं की ओर से एडवोकेट गीतेश जोशी, एडवोकेट जसवंत परसोया और वागिश शर्मा ने कोर्ट में मजबूती से पैरवी की।
जाम से मिलेगी मुक्ति, 7 दिसंबर को अगली सुनवाई
न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण के कारण लंबे समय से यातायात का भारी दबाव और जाम की स्थिति बनी रहती है। अब हाईकोर्ट की सख्ती और अर्जियां खारिज होने के बाद जेडीए की प्रवर्तन शाखा (Enforcement Wing) द्वारा इस रूट पर जल्द ही पीला पंजा (बुलडोजर) चलाने की तैयारी तेज होने की उम्मीद है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को तय की गई है।