बांसवाड़ा कोर्ट में घूसकांड: 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रीडर व होमगार्ड चालक रंगे हाथों गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

बांसवाड़ा / जयपुर: न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे में जमानत खारिज न करवाने और सजा से बचाने का झांसा देकर घूस मांगने वाले न्यायिक कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शिकंजा कसा है। एसीबी की टीम ने सोमवार को बांसवाड़ा में सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय के रीडर (लिपिक ग्रेड-प्रथम) संदीप कुमार नानावटी और अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट के चालक (होमगार्ड) राहुल चंदेल को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

जमानत खारिज न करवाने और केस में मदद के नाम पर मांगी घूस

एसीबी महानिदेशक (डीजी) गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादिया और सह-परिवादी ने एसीबी चौकी, बांसवाड़ा में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके खिलाफ कोर्ट में विचाराधीन मामले में राहत दिलाने, अदालत से मिली जमानत को खारिज न करवाने और आगे सजा से बचाने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है।

आरोप के अनुसार, सीजेएम कोर्ट के रीडर संदीप कुमार नानावटी ने चालक राहुल चंदेल के जरिए यह सौदा तय किया था और मोटी रकम की मांग रखी थी।

सत्यापन में खुली पोल: 2 हजार पहले ही ले चुके थे ‘खर्चे-पानी’ के नाम पर

शिकायत मिलने पर एसीबी ने 11 अक्टूबर को गोपनीय तरीके से मांग का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने वास्तव में 40 हजार रुपए की मांग की थी। इतना ही नहीं, सत्यापन प्रक्रिया के दौरान ही आरोपियों द्वारा 2 हजार रुपए ‘खर्चे-पानी’ के नाम पर पहले ही वसूल लिए जाने की पुष्टि भी हुई।

एसीबी ने बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा

सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद सोमवार, 12 अक्टूबर को एसीबी की टीम ने ट्रैप का जाल बिछाया। तय योजना के तहत परिवादी रिश्वत की रकम लेकर पहुंचे। जैसे ही चालक राहुल चंदेल ने रीडर संदीप कुमार नानावटी की ओर से 40 हजार रुपए की रिश्वत राशि अपने हाथों में ली, मौके पर मुस्तैद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। इसके तुरंत बाद मामले में मुख्य भूमिका निभा रहे रीडर संदीप कुमार नानावटी को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

आवासों की तलाशी और आगे की जांच जारी

यह पूरी कार्रवाई एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में बांसवाड़ा एसीबी के पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के निर्देशन में दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। एसीबी की अलग-अलग टीमें दोनों आरोपियों के निवास स्थानों और अन्य ठिकानों की तलाशी ले रही हैं। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment