जयपुर में खौफनाक वारदात: किराए के मकान के गार्डन में दफन मिली 6 महीने की गर्भवती महिला की लाश, हत्या के बाद नमक डालकर दबाया शव

जयपुर: राजधानी जयपुर के बिंदायका इलाके में एक किराए के मकान के गार्डन से महिला का शव दफन मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्या के बाद शातिर आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए शव को घर से बाहर ठिकाने लगाने के बजाय उसी मकान के गार्डन में गड्ढा खोदकर मिट्टी के नीचे दबा दिया था। हैरान करने वाली बात यह है कि शव को जल्दी गलाने के इरादे से उसके ऊपर नमक भी डाला गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मकान को बाहर से लॉक करके फरार हो गया। मकान से उठ रही दुर्गंध और गार्डन में असामान्य रूप से ऊंची-नीची दिख रही मिट्टी ने इस खौफनाक कत्ल का राज खोल दिया।

मिट्टी में दिखा हाथ, उड़ गए होश

यह सनसनीखेज घटना बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज कॉलोनी की है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी की रहने वाली किरन नाम की महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका करीब छह महीने की गर्भवती बताई जा रही है।

रविवार सुबह करीब आठ बजे जब मकान मालिक मकान की देखरेख के लिए पहुँचा, तो मुख्य गेट बाहर से लॉक मिला। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि काफी समय से कोई हलचल नहीं है। इसी दौरान मकान के गार्डन की मिट्टी कुछ अजीब तरीके से ऊंची-नीची दिखाई दी। जब शक होने पर मिट्टी को थोड़ा हटाया गया, तो जमीन के अंदर महिला का हाथ नजर आया। यह खौफनाक नजारा देखते ही स्थानीय लोगों के होश उड़ गए और तुरंत बिंदायका थाना पुलिस को सूचना दी गई।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस की मौजूदगी में गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दफन महिला के शव को बाहर निकाला गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

दो महीने से ‘पत्नी’ बताकर रह रहा था आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहाँ एक फैक्ट्री में काम करने वाला उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश ने करीब दो महीने पहले यह मकान किराए पर लिया था। वह इस मकान में मृतका के साथ रहता था और आसपास के लोगों को उसे अपनी पत्नी बताता था। पुलिस को आशंका है कि हत्या करीब दो-तीन दिन पहले की गई है। हत्या के बाद आरोपी ने रात के अंधेरे में गार्डन में गड्ढा खोदकर शव को नमक के साथ दफना दिया था।

रविवार सुबह आरोपी ने मकान मालिक के ठेकेदार से पैसे उधार लिए और इसके बाद मकान को लॉक करके फरार हो गया।

पुलिस तलाश में जुटी

थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी प्रवेश की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और समय का खुलासा हो पाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस जघन्य हत्याकांड के पीछे के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment