जयपुर: राजधानी जयपुर में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए जयपुर दक्षिण पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान ‘मिशन जागृति’ (22 सितंबर से 24 सितंबर 2026) के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 16 प्रकरण दर्ज कर 18 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ भी जब्त किए हैं।
कच्ची बस्तियों में डोर-टू-डोर सर्वे और दबिश
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा (RPS) के सुपरविजन में विभिन्न थानाधिकारियों, डीएसटी (DST) और साइबर सेल की संयुक्त टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने शहर की कच्ची बस्तियों में जाकर डोर-टू-डोर सर्वे किया। पुलिस ने पूर्व में चालानशुदा अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की सूची तैयार कर उनके ठिकानों पर अचानक दबिश दी। इस दौरान घरों की सघन तलाशी ली गई, मोबाइलों की जांच की गई और तस्करों के नेटवर्क से जुड़ा खुफिया डेटा (आसूचना संकलन) जुटाया गया।

बरामदगी का ब्योरा
दक्षिण पुलिस द्वारा चलाए गए इस तीन दिवसीय विशेष अभियान में निम्नलिखित अवैध सामग्री और मादक पदार्थ बरामद किए गए:
- अवैध मादक पदार्थ: करीब 22 किलोग्राम गांजा और 4 ग्राम 79 मिलीग्राम स्मैक।
- नकदी: अवैध कारोबार से जुड़े 15,750 रुपये नकद।
- इलेक्ट्रॉनिक्स व वाहन: तस्करों के 18 मोबाइल फोन तथा अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन जब्त किए गए।

गिरफ्तार प्रमुख अभियुक्तों के नाम
अभियान के दौरान जयपुर दक्षिण कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में कार्रवाई करते हुए कुल 18 तस्करों कोदबोचा गया, जिनमें शामिल हैं:
- मुहाना थाना: विक्रम सांसी, रघुवीर सांसी
- श्यामनगर थाना: रवि इन्द्राज सांसी
- चाकसू थाना: मोहसीन खान
- ज्योतिनगर थाना: रूड़ाराम सांसी
- शिप्रापथ थाना: विशाल सांसी
- विजयनगर थाना: मनीष नेगी
- महेश नगर थाना: हर्ष सिंह
- मानसरवर थाना: सीता देवी, विरेन्द्र सिंह, लिमन सिंह
- शिवदासपुरा थाना: संजय सांसी
- नारायण विहार थाना: संतोष सांसी
- पत्रकार कॉलोनी थाना: सीमा सांसी
- सोडाला थाना: नरसिम्हा
- अशोक नगर थाना: सोहिल कुरैशी
- सांगानेर सदर थाना: राधा सांसी

आमजन से पुलिस की अपील और हेल्पलाइन नंबर
जयपुर पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि शहर को नशा मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। यदि कहीं भी ड्रग्स या नशा सामग्री की खरीद-फरोख्त या सेवन की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस के विशेष हेल्पलाइन नंबर 9530424984 पर कॉल करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।