जयपुर। राजधानी जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बेकाबू थार जीप की टक्कर से 57 वर्षीय डेयरी संचालक नवल शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना चीलगाड़ी रेस्तरां के पास हनुमान मंदिर के समीप हुई, जिसके बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डेयरी जाते समय हुआ हादसा
सांगानेर थानाधिकारी हरवेन्द्र सिंह के अनुसार, बुद्धसिंहपुरा निवासी नवल शर्मा शनिवार सुबह करीब 6 बजे अपनी स्कूटी से रोजाना की तरह दूध डेयरी पर जा रहे थे। चीलगाड़ी रेस्तरां के पास स्थित हनुमान मंदिर के समीप पहुंचते ही पीछे से अत्यधिक रफ्तार में आ रही एक ब्लैक थार जीप ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवल शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, राहगीरों ने की मदद
हादसे के बाद थार चालक रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर मौके से भाग निकला। यह पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें थार जीप स्कूटी को पीछे से टक्कर मारती हुई साफ नजर आ रही है। दुर्घटना के वक्त वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल नवल शर्मा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
आरोपी की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित
रविवार को पुलिस ने एसएमएस (SMS) अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों की लिखित रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हिट एंड रन की इस घटना की गंभीरता को देखते हुए सांगानेर थाना पुलिस ने आरोपी चालक की धरपकड़ के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया है। प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थार जीप बिना नंबर की प्रतीत हो रही है। पुलिस अब रूट चार्ट तैयार कर आसपास के अन्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि गाड़ी के असल मालिक और आरोपी चालक की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।