जोधपुर में रंगदारी की बड़ी वारदात टली: 5-5 लाख के इनामी शार्प शूटर जसकरण और राजिंदर गिरफ्तार, AGTF और कमिश्नरेट का ज्वाइंट ऑपरेशन

जयपुर / जोधपुर । राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने जोधपुर में एक सनसनीखेज और बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो कुख्यात और इनामी शार्प शूटरों को धर दबोचा है। पकड़े गए दोनों बदमाशों पर पंजाब पुलिस की ओर से 5-5 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित किया गया था। ये शातिर बदमाश जोधपुर शहर में किसी बड़े व्यापारी को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने या सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

शीर्ष अधिकारियों के निर्देशन में चला ऑपरेशन

यह उच्च-स्तरीय कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (ATS, AGTF और ANTF) दिनेश एम.एन. के कुशल निर्देशन तथा जोधपुर कमिश्नर अंशुमान भोमिया, उपमहानिरीक्षक पुलिस योगेश यादव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में की गई। इस सफल ऑपरेशन का मैदानी नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र प्रताप, पुलिस निरीक्षक सुनील जांगिड़ और राम सिंह ने किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस द्वारा पकड़े गए कुख्यात बदमाशों की शिनाख्त इस प्रकार हुई है:

  1. जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा (23) पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी हरसिंह रायनगर, फाजिल्का (पंजाब)।
  2. राजिंदर उर्फ बिल्ला (23) पुत्र चमकौर सिंह, निवासी बलुआना थाना सदर अबोहर, फाजिल्का (पंजाब)।

अबोहर में कपड़ा व्यापारी की हत्या समेत कई वारदातों में थे वांटेड

गिरफ्तार दोनों शार्प शूटर पंजाब पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। इन पर पंजाब के अबोहर में कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या, फाजिल्का में साहिल सेन की रंजिशवश हत्या समेत हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट के करीब एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे इन बदमाशों पर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस की भी नजर थी।

नेपाल से मध्य प्रदेश और फिर राजस्थान तक की पटकथा

सूत्रों के अनुसार, पंजाब और अन्य राज्यों में हत्या की वारदातों को अंजाम देने के बाद ये दोनों बदमाश नेपाल भाग गए थे। नेपाल में सुरक्षा एजेंसियों का दबाव बढ़ने पर वे कुछ समय पहले भारत लौटे। मध्य प्रदेश के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करने से पहले ये सिरोही पहुंचे और वहां से जोधपुर की ओर मूव किए।

AGTF को इनके जोधपुर में किसी बड़े कारोबारी को धमकाने और बड़ी वारदात को अंजाम देने के इनपुट मिले थे। पुख्ता सूचना के आधार पर AGTF ने जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और दोनों को दबोच लिया।

आपराधिक रिकॉर्ड (कुल 12 गंभीर मामले)

  • राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला: इसके खिलाफ वर्ष 2023 से 2025 के बीच अबोहर, फाजिल्का और संगरूर में 8 संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, मारपीट, धमकी, सामूहिक हिंसा और आर्म्स एक्ट शामिल हैं।
  • जसकरन सिंह उर्फ करन कट्टा: इसके खिलाफ फाजिल्का और अबोहर में 4 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, बलवा और हथियार से हमला करने के प्रकरण शामिल हैं।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल ऑपरेशन में AGTF के एएसआई राकेश की विशेष भूमिका रही। इसके अलावा पुलिस निरीक्षक रामसिंह, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, सुमेर सिंह, राकेश, राकेश कुमार और कांस्टेबल चालक दिनेश चंद ने अहम योगदान दिया। जोधपुर एयरपोर्ट थानाधिकारी भरत सिंह रावत और उनकी टीम का भी इस कार्रवाई में भरपूर सहयोग रहा। फिलहाल, पुलिस दोनों बदमाशों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment