जयपुर। राजधानी जयपुर के खोराबीसल थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों द्वारा सड़क पर खुली गुंडागर्दी और जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेखौफ बदमाशों ने कैंपर गाड़ियों से एक स्कॉर्पियो को घेरकर उस पर 20 से 30 बार भीषण टक्कर मारी और इसके बाद हथियारों से लैस होकर जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।
गलतफहमी में रास्ता रोककर 5-6 कैंपर से किया घेराव
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण के अनुसार, घटना 10 सितंबर की रात करीब 11:00 बजे लालचंदपुरा स्थित जेएडी कॉलोनी क्षेत्र में हुई। परिवादी मोहनलाल चौधरी अपने साथी मोहन और अंकित पिपलोदा के साथ अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर RJ 14 UU 8700) से जा रहे थे।
रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें किसी अन्य गुट का कार्यकर्ता समझकर जबरन रोकने का प्रयास किया। परिवादी पक्ष कुछ समझ पाता, इससे पहले ही करीब 5 से 6 कैंपर और अन्य स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार दर्जनों बदमाश वहां आ धमके। बदमाशों ने परिवादी की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और अपनी भारी गाड़ियों से पीड़ित की स्कॉर्पियो को लगातार 20 से 30 बार जोरदार टक्कर मारी।
बचकर भागने की कोशिश पर हथियारों से हमला और तोड़फोड़
पीड़ितों ने जान बचाने के लिए वाहन को वहां से निकालने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पीछा नहीं छोड़ा। कुछ दूरी पर गाड़ी को पूरी तरह रोककर बदमाशों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से स्कॉर्पियो पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने गाड़ी के शीशे और बॉडी पूरी तरह चकनाचूर कर दिए और भीतर मौजूद लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित होने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वाहनों समेत मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर खोराबीसल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं और प्रकरण संख्या 425/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से खुला राज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) शिवकुमार भारद्वाज के सुपरविजन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। खोराबीसल थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कैंपर गाड़ी (नंबर RJ 23 GJ 6293) की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर सीकर जिले के दांतारामगढ़ क्षेत्र से दो आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
- मनीष चंदेलिया (25 वर्ष): पुत्र निवासी चंदेला का बास, थाना दांतारामगढ़, जिला सीकर।
- हेमंत कुमावत (23 वर्ष): पुत्र निवासी भूरड़ो का बास, थाना दांतारामगढ़, जिला सीकर।
जुर्म कबूला, कैंपर जब्त; अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उन्होंने माना कि उन्होंने कैंपर से परिवादी की गाड़ी को बार-बार टक्कर मारी, तोड़फोड़ की और पीड़ितों के साथ गंभीर मारपीट की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कैंपर गाड़ी (RJ 23 GJ 6293) जब्त कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य गाड़ियों और फरार बदमाशों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।