Expose Now Impact: लाइव फोटो से राहत, डॉक्टर चुनने की भी आजादी! RGHS में बड़ा बदलाव

Expose Now की खबर का एक बार फिर बड़ा और सकारात्मक असर देखने को मिला है। राजस्थान सरकार हेल्थ स्कीम (RGHS) के तहत लाइफ फोटो, ऑनलाइन पर्ची और चिकित्सकों से परामर्श को लेकर मरीजों को आ रही भारी दिक्कतों को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद, करौली जिला अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्थाओं को पूरी तरह सुगम बना दिया है। इस बदलाव से योजना के सभी लाभार्थियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को बहुत बड़ी राहत मिली है।

पोर्टल से हटा चिकित्सक का नाम, किसी भी डॉक्टर से लिखवा सकेंगे दवा
इस नई व्यवस्था के तहत सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह किया गया है कि ऑनलाइन पोर्टल पर अब संबंधित चिकित्सक के परामर्श का नाम अनिवार्य रूप से बाध्य नहीं रहेगा। अब RGHS लाभार्थी अपनी बीमारी के अनुसार अस्पताल के किसी भी संबंधित चिकित्सक से परामर्श लेकर दवा लिखवा सकेंगे। इससे मरीजों को किसी एक ही निश्चित डॉक्टर के पास बार-बार जाने की झंझट से मुक्ति मिल गई है।

लाइव फोटो और लंबी लाइनों से छुटकारा
पहले RGHS योजना में लाइव फोटो और पर्ची की प्रक्रिया के लिए मरीजों को बार-बार अस्पताल के चक्कर काटने पड़ते थे। नई व्यवस्था के बाद:

मरीजों को पर्ची काउंटर और अलग-अलग डॉक्टरों के यहां लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा।

वरिष्ठ नागरिकों को सबसे बड़ी राहत यह मिली है कि अब उनके परिजन खुद अस्पताल से बुजुर्ग मरीजों की RGHS ऑनलाइन पर्ची प्राप्त कर सकेंगे, जिससे बुजुर्गों को अस्पताल के अनावश्यक चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

पर्ची काउंटरों की संख्या 2 से बढ़ाकर की गई 8
मरीजों की भीड़ और लंबी लाइनों को खत्म करने के लिए जिला अस्पताल प्रशासन ने काउंटरों की संख्या में बड़ा विस्तार किया है:

जिला अस्पताल परिसर में कुल 6 काउंटर स्थापित किए गए हैं।

MCH विंग में 2 काउंटर बनाए गए हैं।

इसके साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से विशेष काउंटर की व्यवस्था की गई है।

जल्द मिलेगी कोतवाली थाने के पास जिला सरकारी अस्पताल जांच सुविधा
मरीजों की परेशानी को कम करने के लिए जल्द ही शहर के थाने के पास सरकारी जांच सुविधा शुरू की जाएगी। इसके शुरू होने के बाद मरीजों को मेडिकल टेस्ट के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर MCH विंग तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

नए PMO डॉ. भुवनेश बंसल की पहल लाई रंग
जिला अस्पताल के नए पीएमओ डॉ. भुवनेश बंसल ने कार्यभार संभालते ही ‘Expose Now’ पर उठी समस्याओं को अपनी प्राथमिकता बनाया। उन्होंने दवा विक्रेताओं और अस्पताल प्रशासन के बीच संवाद स्थापित कर आ रही अड़चनों को दूर किया। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा के मार्गदर्शन में उठाए गए इन कदमों से मरीजों को बड़ी राहत मिली है, जिसके लिए लाभार्थियों ने प्रशासन का आभार जताया है।

RGHS लाभार्थियों को कलेक्टर का आश्वासन
जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने पहले ही RGHS लाभार्थियों को भरोसा दिलाया था कि उनके हित में जो भी आवश्यक और उचित कदम होंगे, प्रशासन द्वारा उठाए जाएंगे।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment