सीकर के रींगस में CA विनय जोशी के घर इनकम टैक्स का छापा: यूपी नंबर की गाड़ियों से पहुंचे 15 अफसर; सुबह परिजनों व स्थानीय लोगों से हुई कहासुनी

रींगस (सीकर)। राजस्थान के सीकर जिले के रींगस कस्बे में मंगलवार तड़के आयकर विभाग (Income Tax) की टीम ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के घर पर छापा मारा। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 स्थित खेमकों का मोहल्ला में रहने वाले सीए विनय जोशी के आवास पर हुई इस अचानक कार्रवाई से कस्बे के व्यापारिक और कारोबारी तबके में हड़कंप मच गया है।

सुबह 5 बजे 3 गाड़ियों में पहुंचे 15 अधिकारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:00 बजे उत्तर प्रदेश नंबर की तीन गाड़ियों में आयकर विभाग के करीब 15 अधिकारी और कर्मचारी अचानक विनय जोशी के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि इस टीम में आयकर विभाग, आगरा (उत्तर प्रदेश) के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। कार्रवाई की संवेदनशीलता और सुरक्षा को देखते हुए मौके पर रींगस पुलिस थाने का भारी जाब्ता भी तैनात किया गया है।

शुरुआत में परिजनों और मॉर्निंग वॉकर्स से हुई बहस

रेड की शुरुआत में उस वक्त असहज स्थिति बन गई जब सुबह के समय टीम घर में दाखिल होने लगी। सीए विनय जोशी के परिवार के सदस्य विनोद कुमार जोशी, जो होमगार्ड में कार्यरत हैं, उन्होंने अचानक अनजान लोगों को घर में प्रवेश करते देख रोक लिया।

इसी दौरान सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और यूपी नंबर की गाड़ियों को देखकर पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान टीम के सदस्यों और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हो गई।

आईडी कार्ड दिखाने पर शांत हुए लोग, जांच शुरू

माहौल को देखते हुए टीम में शामिल अधिकारियों ने अपने पहचान पत्र (ID Cards) दिखाए और आयकर विभाग की आधिकारिक टीम होने की जानकारी दी। पहचान स्पष्ट होने के बाद लोग शांत हुए और टीम ने घर के अंदर जाकर दस्तावेजों और लेन-देन की पड़ताल शुरू कर दी।

कारोबारियों में हड़कंप, आधिकारिक ब्योरे का इंतजार

आयकर विभाग की टीम द्वारा सीए के आवास पर मौजूद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, लेन-देन से जुड़ी फाइलों और वित्तीय दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है।

कार्रवाई किस मामले, किस करदाता के नेटवर्क या किन वित्तीय अनियमिताओं से संबंधित है, इसको लेकर आयकर विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने भी बताया कि विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही साझा की जाएगी। फिलहाल इलाके में आईटी टीम की सर्च जारी है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment