जयपुर: राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (RSLSA) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) जयपुर महानगर द्वितीय द्वारा शुक्रवार को जयपुर के विभिन्न बालगृहों में निवासरत बालक-बालिकाओं के आधार कार्ड बनवाने हेतु एक विशेष विधिक जागरूकता एवं कैंप का आयोजन किया गया।
एसओएस बालग्राम में हुआ शिविर का आयोजन
डीएलएसए मेट्रो द्वितीय की सचिव श्रीमती पल्लवी शर्मा ने जानकारी दी कि यह शिविर सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT) और जिला बाल संरक्षण विभाग (DCPU) के संयुक्त समन्वय से पीतल फैक्ट्री स्थित एसओएस बालग्राम में आयोजित किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन वंचित बच्चों के आधार कार्ड बनवाना था, जिनके माता-पिता नहीं हैं या किसी कारणवश अभी तक आधार कार्ड नहीं बन पाए थे।
इन बालगृहों के बच्चों को मिला लाभ
शिविर के दौरान जयपुर के विभिन्न बालगृहों के कुल 55 बच्चों के आधार कार्ड बनवाने अथवा अपडेट कराने के लिए आवेदन करवाए गए। इनमें प्रमुख संस्थान शामिल हैं:
- समर्पण संस्थान
- मातृछाया बालगृह
- बाल बसेरा गृह एवं बाल बसेरा आश्रय गृह
- एसओएस चिल्ड्रन विलेज
- आंचल बालिका गृह
- सुमन संस्थान (बाल गृह एवं बालिका गृह)
- रेज़ आशा की एक नई किरण
- नया सवेरा सोसाइटी आश्रय गृह
विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से शिविर स्थल पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 बच्चों के आधार कार्ड मौके पर ही बनाए एवं अपडेट कर दिए गए। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई के श्री राजेंद्र सिंह गुर्जर ने मौके पर मौजूद रहकर बच्चों के आधार कार्ड के आवेदनों को वेरीफाई किया। इस पहल से बालगृहों में रहने वाले बच्चों को दस्तावेजों की कागजी प्रक्रियाओं से राहत मिली है और वे सरकारी योजनाओं व सुविधाओं से जुड़ सकेंगे।