Expose Now Exclusive: जानिए कैसे बिना किसी शोर के चुपचाप पसीना बहाकर यशवीर ने रचा इतिहास, माता-पिता और कॉलोनीवासियों ने किया जोरदार स्वागत

जयपुर: राष्ट्रमंडल खेलों (Common Wealth Games) में देश का नाम रोशन करने वाले ब्रॉन्ज मेडलिस्ट यशवीर सिंह का जयपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। जयपुर की रेलवे कॉलोनी में उस वक्त जश्न का माहौल बन गया, जब कॉलोनीवासियों और परिजनों ने मेडल विजेता यशवीर को फूलों की माला पहनाकर और साफा बंधाकर उनका स्वागत किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि और सफलता के सफर की पूरी कहानी जानने के लिए ‘Expose Now’ की टीम ने विजेता यशवीर सिंह, उनके पिता राय सिंह और स्थानीय परिवारजनों से खास बातचीत की।

यशवीर सिंह के साथ खास बातचीत के मुख्य अंश

Expose Now: यशवीर, आपने कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। यह आपका पहला इंटरनेशनल टूर्नामेंट था, कैसा महसूस हो रहा है और इसे पाने के लिए कितनी मेहनत करनी पड़ी?

यशवीर सिंह: बहुत ज्यादा खुशी हो रही है! यह मेरा पहला ही इंटरनेशनल टूर्नामेंट था और इतने बड़े लेवल पर मेडल जीतना मेरे और मेरे परिवार के लिए गर्व की बात है। इसके पीछे मेरे पापा का बहुत बड़ा हाथ है, वही मेरे कोच भी हैं और उन्होंने ही मुझे कड़ी ट्रेनिंग कराई है।

Expose Now: जब आप खेल रहे थे, तब मौसम भी साथ नहीं दे रहा था और मुकाबला बेहद कड़े दौर में था। उस वक्त मन में क्या चल रहा था?

यशवीर सिंह: प्रतियोगिता के दौरान हवा बहुत तेज चल रही थी, जिससे थ्रो करने में काफी दिक्कत आ रही थी। लेकिन मेरे कोच (पापा) लगातार बीच-बीच में मोटिवेट कर रहे थे और सही तकनीक बता रहे थे, जिससे मैंने अपना फोकस बनाए रखा। हालांकि, केवल .4 मीटर की मामूली सी कसर रह गई, वरना सिल्वर मेडल भी हमारे नाम होता। फिर भी, मैंने 2021 के अपने जूनियर अंडर-20 के मीट रिकॉर्ड को तोड़ा है, और जो थोड़ी बहुत कसर रह गई है, उसे आगे पूरी मेहनत से सुधारूंगा।

Expose Now: भविष्य के लिए युवाओं को आपका क्या संदेश है?

यशवीर सिंह: मेरा यही संदेश है कि खेल या किसी भी क्षेत्र में खुद पर पूरा कॉन्फिडेंस रखें, कड़ी मेहनत करें और जो आपके कोच सिखाते हैं, उस पर पूरा ध्यान दें।

पिता राय सिंह और परिजनों की जुबानी

Expose Now (पिता राय सिंह से): पिता होने के नाते बेटे की इस बड़ी उपलब्धि पर क्या कहेंगे?

राय सिंह: हर पिता का सपना होता है कि वह अपने बेटे की सफलता से जाना जाए। आज बहुत खुशी है कि हमारी मेहनत रंग लाई। बेटा देर से ही सही, लेकिन एकदम सही समय पर सफलता लेकर आया है। यह तो अभी शुरुआत है, आगे पिक्चर अभी बाकी है!

Expose Now (माताजी से): एक मां होने के नाते आप यशवीर को क्या सलाह देंगी?

माता: मैं तो यही कहूंगी कि बेटा, और ज्यादा मेहनत करो और अपने देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करो।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment