राजसमंद में ACB की बड़ी कार्रवाई: RK सरकारी अस्पताल का सर्जन ₹1800 की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर/राजसमंद।

राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज ACB की टीम ने राजसमंद जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक सरकारी डॉक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा है।

मिली जानकारी के अनुसार, राजसमंद के आरके (RK) सरकारी जिला अस्पताल में तैनात सर्जन डॉ. पंकज जैन को एसीबी ने ₹1,800 की घूस लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है।

ऑपरेशन के एवज में मांगी थी घूस

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, डॉ. पंकज जैन ने अस्पताल में एक मरीज के ऑपरेशन करने की एवज में इस रिश्वत राशि की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही डॉक्टर ने ₹1,800 की घूस ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।

अधिकारियों के सुपरविजन में हुई कार्रवाई

एसीबी की इस सफल कार्रवाई को ACB ASP हिम्मत चारण ने अपनी टीम के साथ अंजाम दिया है। पूरी कार्रवाई DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की गई। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी डॉक्टर के ठिकानों पर तलाशी ले रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद से अस्पताल प्रशासन और अन्य सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment