अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उप निरीक्षक (SI) पुलिस और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2021 की पुन: परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षा आगामी 20 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही आयोग ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन करने के लिए सुधार विंडो (Correction Window) भी खोल दी है। अभ्यर्थी 8 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक अपने फॉर्म में जरूरी बदलाव कर सकते हैं।
हाईकोर्ट के आदेश पर अभ्यर्थियों को अनंतिम अनुमति
आयोग सचिव रामनिवास मेहता द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह निर्णय माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर में दायर रिट याचिका (SBCWP संख्या 9964/2026 रीतिका बनाम राज्य व अन्य) में पारित अंतरिम आदेश के क्रम में लिया गया है। कोर्ट के आदेश के तहत वर्ष 2021 की इस भर्ती परीक्षा के लिए पूर्व में ऑनलाइन आवेदन करने वाले समस्त अभ्यर्थियों को पुन: परीक्षा में अनंतिम रूप से (Provisionally) सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान की गई है।
इन प्रविष्टियों में ही हो सकेगा संशोधन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में मई 2026 में ही अपने आवेदन पत्र में आवश्यक अपडेट कर लिए थे, उन्हें दोबारा संशोधन करने की आवश्यकता नहीं है। अन्य अभ्यर्थी अपने फॉर्म में केवल छह निर्धारित विवरणों को ही अपडेट कर सकेंगे। इसमें मोबाइल नंबर, ई-मेल एड्रेस, पत्राचार का पता, लाइव फोटो अपडेट, अंगूठे का निशान और हस्ताक्षर शामिल हैं। इनके अलावा अभ्यर्थियों की आयु, आरक्षण, शैक्षणिक योग्यता और अन्य मूल प्रविष्टियां यथावत रहेंगी, जिनमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
एसएसओ पोर्टल और OTR के जरिए होगी प्रक्रिया
संशोधन करने से पहले अभ्यर्थियों को अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसके तहत लाइव फोटो, अंगूठे का निशान और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है। इसके बाद अभ्यर्थी एसएसओ (SSO) आईडी से लॉगिन कर ‘My Recruitment’ सेक्शन में जाकर ‘Edit Application’ के माध्यम से संशोधन कर सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी ने अपना ओटीआर नई एसएसओ आईडी पर माइग्रेट कर लिया है, तो वे ‘Fetch Application Form’ विकल्प का उपयोग कर अपना पुराना फॉर्म नई आईडी पर स्थानांतरित कर सकते हैं। सभी संशोधनों के बाद स्वघोषणा पत्र को स्वीकार कर ओटीपी (OTP) सत्यापन के बाद ही फाइनल सबमिशन मान्य होगा।
15 जुलाई तक दर्ज करा सकते हैं शिकायत
यदि अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र को नए एसएसओ या ओटीआर में स्थानांतरित करने में कोई तकनीकी समस्या आती है, तो वे 15 जुलाई 2026 तक आयोग के ग्रीवेंस पोर्टल (https://rpsc.rajasthan.gov.in/grvlogin) पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आयोग ने साफ किया है कि तय प्रक्रिया पूरी न करने पर आवेदन स्वीकार नहीं होगा। इस परीक्षा के लिए पात्रता की शर्तें मूल विज्ञापन (दिनांक 03-02-2021) व शुद्धि पत्र के अनुसार रहेंगी और पाठ्यक्रम 22 मई 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार ही रहेगा।
