राजस्थान कृषि विभाग में भ्रष्टाचार: तीन अधिकारी निलंबित, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा निशाने पर

जयपुर। राजस्थान सरकार के कृषि आयुक्तालय ने भ्रष्टाचार, घोर लापरवाही और जनता के साथ अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोपों के चलते कृषि विभाग के तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल द्वारा जारी निलंबन आदेश के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

इन अधिकारियों पर गिरी गाज

निलंबन की कार्रवाई जिन अधिकारियों पर हुई है, उनमें निम्नलिखित शामिल हैं:

  • संदीप कुमार: कृषि पर्यवेक्षक, मुख्यालय भारेवाला (बीकमपुर)।
  • रजनीश कुमार: वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक, मुख्यालय राववाला (बज्जू)।
  • विशाल कुमार: सहायक कृषि अधिकारी, मुख्यालय बगीचा (रायसिंहनगर)।

निलंबन अवधि के दौरान इन तीनों अधिकारियों का मुख्यालय जयपुर निर्धारित किया गया है और वे सक्षम अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

कांग्रेस ने उठाए सवाल, मंत्री के पुराने दावों पर तंज

इस कार्रवाई के बाद राजस्थान कांग्रेस ने सोशल मीडिया के माध्यम से कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्री ने पहले इन अधिकारियों (संदीप और रजनीश) का सार्वजनिक रूप से बचाव किया था। कांग्रेस का दावा है कि ये अधिकारी सीकर में मंत्री के OSD बनकर अवैध उगाही में लिप्त थे। कांग्रेस ने मंत्री के उस पुराने दावे की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि “भ्रष्टाचार का एक भी आरोप सिद्ध होने पर वे पद छोड़ देंगे।”

पार्टी ने कृषि विभाग की ‘डिकॉय टीम’ की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए जुगल किशोर की गिरफ्तारी का हवाला दिया और मामले की निष्पक्ष जांच व आर्थिक लेनदेन की कॉल डिटेल खंगालने की मांग की है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment