जयपुर: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को एसीबी ने एक साथ दो बड़े मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। सीकर जिले के रींगस थाने में जहां एएसआई और हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया, वहीं भीलवाड़ा में भी कोतवाली थाने के एक सिपाही को घूसखोरी के आरोप में पकड़ा गया।
रींगस थाने में एक्सीडेंट की गाड़ी छोड़ने की एवज में घूस

सीकर जिले के रींगस पुलिस थाने में एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार, थाने में तैनात एएसआई सावता राम गुर्जर और हेड कांस्टेबल जय सिंह को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया गया। इन दोनों पुलिसकर्मियों ने एक एक्सीडेंट की गाड़ी को छोड़ने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। यह पूरी कार्रवाई एसीबी के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एएसपी विजय सिंह और सीआई सुभाष मील के नेतृत्व में की गई।
भीलवाड़ा में भी कोतवाली सिपाही गिरफ्तार
उधर, भीलवाड़ा में एसीबी की टीम ने कोतवाली थाने में तैनात कॉन्स्टेबल रज्जाक को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल ने एक मामले को निपटाने के एवज में घूस मांगी थी। एसीबी ने उसे नागौरी गार्डन स्थित राजा ज्यूस सेंटर से रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ा। फिलहाल, एसीबी की टीम कोतवाली थाने में कांस्टेबल से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
एक ही दिन में दो अलग-अलग जिलों में पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी के बाद विभाग में खलबली मच गई है। एसीबी के अधिकारी भ्रष्टाचार के इन मामलों में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से राजस्थान एसीबी भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए लगातार सक्रिय है और कई सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को ट्रैप कर चुकी है।