राजस्थान के नाम ऐतिहासिक रिकॉर्ड: ऊर्जा मंत्री नागर को मिला ‘वैश्विक अवार्ड’, थर्मल पावर प्लांट ने रच दिया इतिहास

जयपुर। राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र में आज एक नया इतिहास रच गया है। प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ बिजली उत्पादन के लिए ‘मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (इंडिया)’ द्वारा राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को वैश्विक सम्मान पत्र (ग्लोबल अवार्ड) प्रदान किया गया है। यह प्रतिष्ठित अवार्ड ऊर्जा मंत्री के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी मार्गदर्शन और विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के अथक प्रयासों के लिए संयुक्त रूप से दिया गया है। इसके साथ ही, राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक (CMD) देवेन्द्र श्रृंगी को भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए वैश्विक सम्मान पत्र सौंपा गया।

94.60% यूटिलाइजेशन के साथ हासिल की बड़ी सफलता

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के गठन से लेकर अब तक का यह राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। प्रदेश में कोयला आधारित कुल 7580 मेगावाट क्षमता की 23 थर्मल इकाइयों से गत 2 जून 2026 को अब तक का उच्चतम 7171 मेगावाट विद्युत उत्पादन दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ऊर्जा क्षेत्र पर विशेष फोकस और उचित दिशा-निर्देशों के बाद इकाइयों की तकनीकी खामियों को चरणबद्ध तरीके से दूर किया गया, जिससे यह इकाइयां 94.60 प्रतिशत यूटिलाइजेशन के साथ रिकॉर्ड उत्पादन करने में सफल रहीं।

सूरतगढ़ थर्मल पावर स्टेशन ने भी रचा इतिहास: ऊर्जा मंत्री ने जानकारी दी कि 2 जून 2026 को ही सूरतगढ़ थर्मल विद्युतगृह की सभी 8 इकाइयों ने अपनी कुल 2820 मेगावाट क्षमता के मुकाबले अब तक का सर्वश्रेष्ठ 2790 मेगावाट बिजली का उत्पादन कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है

ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर राजस्थान

इस ऐतिहासिक मौके पर ऊर्जा सचिव आरती डोगरा ने भी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। बेहतर रखरखाव, कुशल वार्षिक अनुरक्षण और श्रेष्ठ संचालन के कारण ही विद्युत उत्पादन में यह शानदार सफलता मिली है।

विद्युत भवन में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स संस्था के मैनेजर अरिहंत उपाध्याय एवं कोऑर्डिनेटर गरिमा जैन सहित जोधपुर डिस्कॉम के एमडी डॉ. भंवर लाल और ऊर्जा विभाग के कई उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment