जयपुर: बॉलीवुड की वर्सटाइल और थिएटर बैकग्राउंड से आईं बेहतरीन अभिनेत्री हुमा कुरैशी इन दिनों अपनी आगामी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ (Baby Do Die Do) को लेकर चर्चा में हैं। अपनी हर फिल्म में किरदार को जीवंत कर देने वाली हुमा अपनी इस होम प्रोडक्शन फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में गुलाबी नगरी जयपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने फिल्म के भव्य पोस्टर का अनावरण किया। यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
कमजोरी नहीं, ताकत बनी खामोशी: मूक-बधिर कॉन्ट्रैक्ट किलर का किरदार

‘बेबी डू डाई डू’ में हुमा कुरैशी एक ऐसी मूक-बधिर लड़की (बेबी करमरकर) के किरदार में हैं, जो आम फिल्मों की तरह बेबस या लाचार नहीं, बल्कि एक खूंखार और शातिर कॉन्ट्रैक्ट किलर है। फिल्म में उनका सबसे अनोखा स्टाइल उनका ‘लाल छाता’ है, जिससे वह अपने शिकार को मौत के घाट उतारती हैं।
इस चुनौतीपूर्ण किरदार को पर्दे पर वास्तविक रूप देने के लिए हुमा ने कड़ी मेहनत की है। उन्होंने न सिर्फ मूक-बधिर लोगों की समस्याओं और उनकी दुनिया को करीब से महसूस किया, बल्कि इस रोल में जान फूंकने के लिए साइन लैंग्वेज (Sign Language) भी सीखी। ट्रेलर में उनकी यह मेहनत साफ झलक रही है।
घातक लाल छाता: फिल्म का मुख्य आकर्षण
फिल्म की सबसे रोचक विशेषता उसका प्रतीकात्मक हथियार है। बेबी अपने साथ हमेशा एक लाल रंग का छाता रखती है। पहली नजर में यह एक साधारण छाता प्रतीत होता है, लेकिन कहानी आगे बढ़ने पर पता चलता है कि उसके भीतर एक बंदूक छिपी हुई है। यही छाता उसकी पहचान भी है और उसका सबसे घातक हथियार भी।

एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर के बीच की कशमकश
इस फिल्म में हुमा सिर्फ मुख्य भूमिका में ही नहीं हैं, बल्कि वे इसकी निर्माता भी हैं। जयपुर में मीडिया से बात करते हुए हुमा ने अपने इस दोहरे अनुभव को साझा किया:
“एक निर्माता के तौर पर मैं हमेशा यह सोचती थी कि क्या यह फिल्म कुछ नया कह रही है और एक अभिनेत्री के तौर पर मैं यह देखती थी कि क्या बेबी की कहानी सच और विश्वसनीय लगती है। सौभाग्य से दोनों सवालों का जवाब एक ही था। मैं नहीं चाहती थी कि हम केवल किसी पारंपरिक कहानी को महिला पात्र के माध्यम से दोहरा दें। मैं ‘बेबी’ को किसी प्रतीक के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत इंसान के रूप में प्रस्तुत करना चाहती थी।”
‘Expose Now’ के सवाल और हुमा के बेबाक जवाब
जयपुर प्रमोशन के दौरान डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Expose Now’ ने हुमा कुरैशी से सीधी बातचीत की, जिसमें एक्ट्रेस ने हर सवाल का बेहद खुलकर और हंसते हुए जवाब दिया:

सवाल: भाई साकिब सलीम के प्रोड्यूसर होने का क्या फायदा या नुकसान हुआ?
हुमा कुरैशी: “(हंसते हुए) भाई प्रोड्यूसर था तो मैं शूटिंग के दौरान बेहद कम्फर्टेबल थी। मुझे जो भी सहूलियत या चीज चाहिए होती थी, मैं सीधे डायरेक्ट बोल देती थी। अगर प्रोड्यूसर कोई बाहर का या और होता है, तो हम इतनी बेबाकी से हर बात नहीं कह पाते हैं।” इस दौरान हुमा ने सेट पर भाई साकिब के साथ हुए एक बेहद मजेदार किस्से को भी याद किया।
सवाल: क्या स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के नए शो में दिखेंगी हुमा?
हुमा कुरैशी: “मैं स्टैंडअप कॉमेडियन्स को बहुत पसंद और सपोर्ट करती हूं। मैं खुद समय रैना की बड़ी फैन हूं और जरूर उनके नए शो का हिस्सा बनना चाहती थी, लेकिन बदकिस्मती से शो की शूटिंग और मेरी फिल्म के प्रमोशन की डेट्स आपस में मैच नहीं हो पाईं।”