पचपदरा का इंतज़ार खत्म: जानिए PM मोदी किस दिन देंगे राजस्थान को ‘डबल गिफ्ट’?

जयपुर। राजस्थान की महत्वाकांक्षी एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी (HPCL Rajasthan Refinery) में पेट्रोल-डीजल का उत्पादन इसी महीने शुरू होने की प्रबल संभावना है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 4 जुलाई को इस रिफाइनरी का विधिवत उद्घाटन कर सकते हैं। पचपदरा रिफाइनरी के साथ ही पीएम मोदी जोधपुर एयरपोर्ट (Jodhpur Airport) का उद्घाटन भी करेंगे। हाल ही में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं। वहीं, राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भी प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पेट्रो उत्पादों का उत्पादन शीघ्र शुरू करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

पचपदरा रिफाइनरी

हादसे के कारण टल गया था अप्रैल का कार्यक्रम

पचपदरा में स्थापित इस रिफाइनरी का उद्घाटन पहले 28 जनवरी और फिर फरवरी में प्रस्तावित था। अंततः इसके उद्घाटन की तारीख 21 अप्रैल तय की गई थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका शुभारंभ करने वाले थे। लेकिन, उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले 20 अप्रैल को रिफाइनरी की सीडीयू-वीडीयू यूनिट के एक्सचेंजर में विस्फोट होने से भीषण आग लग गई थी, जिसके चलते कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा था। अब स्थिति सामान्य होने और कार्य पूरे होने के बाद, 4 जुलाई को उद्घाटन की नई तारीख पर विचार किया जा रहा है।

20 अप्रैल को रिफाइनरी में लगी आग

जोधपुर एयरपोर्ट और रिफाइनरी का होगा संयुक्त उद्घाटन

हाल ही में जोधपुर दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी और जोधपुर एयरपोर्ट का उद्घाटन एक साथ होगा। यह उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों किया जाएगा। जोधपुर एयरपोर्ट के संबंध में सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही अंतिम कार्यक्रम तय किया जाएगा। माना जा रहा है कि जून के अंत तक दोनों प्रोजेक्ट्स से जुड़ी सभी कागजी और जमीनी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी।

जोधपुर एयरपोर्ट file image

मुख्य सचिव ने की समीक्षा: इसी माह उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य

परियोजना को गति देने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय में HPCL राजस्थान रिफाइनरी परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

  • अंतिम चरण में तैयारियां: मुख्य सचिव ने बताया कि रिफाइनरी में पेट्रोल एवं डीजल के उत्पादन की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इसी माह उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
  • समयसीमा का पालन: उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह परियोजना राज्य के औद्योगिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में शेष कार्यों को पूर्ण करें।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी

इस अहम समीक्षा बैठक में रिफाइनरी परियोजना की वर्तमान स्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास और विभिन्न विभागों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया। बैठक में जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार, खान एवं पेट्रोलियम विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा तथा विशिष्ट शासन सचिव नम्रता वृष्णि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment