झुंझुनूं। राजस्थान का झुंझुनूं जिला खेल प्रतिभाओं के मामले में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। जिले के कुमावास गांव के एक ही घर से अब दो-दो महिला क्रिकेटर मैदान पर अपना हुनर दिखाती नजर आएंगी। महिला प्रीमियर लीग (WPL) में गुजरात जायंट्स (Gujarat Giants) का प्रतिनिधित्व कर रहीं देश की उभरती हुई तेज गेंदबाज हैप्पी कुमारी (हैप्पी खीचड़) के बाद अब उनकी छोटी बहन अनुशी ने भी क्रिकेट की दुनिया में कदम बढ़ा दिए हैं। अनुशी का चयन झुंझुनूं जिले की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हुआ है।
सीनियर टीम में चुनी जाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी

जिला क्रिकेट संघ के अनुसार, अनुशी पूरे जिले की महिला क्रिकेटरों में सबसे छोटी उम्र की खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने शानदार खेल की बदौलत सीधे सीनियर टीम में जगह बनाई है। इतनी कम उम्र में सीनियर लेवल की टीम में चयनित होना उनकी बेहतरीन खेल प्रतिभा और कड़ी मेहनत को दर्शाता है।
शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन
कोच अजय कुमार और जिला क्रिकेट संघ के सचिव हरीशचंद्र सिंह ने अनुशी के चयन की आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरेलू स्तर पर और चयन ट्रायल के दौरान अनुशी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था। उनके इसी दमदार खेल को आधार मानते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें सीनियर टीम के लिए उपयुक्त पाया। अनुशी के चयन की खबर मिलते ही खेल प्रेमियों और उनके गांव कुमावास में जश्न का माहौल है।

बड़ी बहन हैप्पी कुमारी हैं प्रेरणा
अनुशी के लिए उनकी बड़ी बहन हैप्पी कुमारी सबसे बड़ी रोल मॉडल हैं। हैप्पी वर्तमान में महिला प्रीमियर लीग (WPL) में गुजरात जायंट्स की टीम का हिस्सा हैं और अंडर-19 एशिया कप व भारतीय घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का नाम रोशन कर चुकी हैं। बड़ी बहन के नक्शेकदम पर चलते हुए अब अनुशी भी जिला स्तर से शुरुआत कर भारतीय टीम तक पहुंचने का सपना देख रही हैं।