करौली। करौली जिले के श्री महावीर जी पंचायत समिति के अंतर्गत ग्राम पंचायत गांवडी मीना में हुए विकास कार्यों के घोटाले को लेकर EXPOSE NOW की खबर का बड़ा असर हुआ है। ‘बिना कमीशन पास नही होती फाईल, करौली में सरपंच और अधिकारियों की मिलीभगत से बड़ा भ्रष्टाचार, वायरल ऑडियो ने खोली पोल’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला परिषद के सीईओ लखन सिंह ने खबर पर तुरंत संज्ञान लेते हुए एक उच्च स्तरीय जांच दल का गठन कर दिया है। यह टीम 7 दिन के भीतर पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।
खबर पर तुरंत एक्शन: 7 दिन में जांच रिपोर्ट के आदेश
EXPOSE NOW द्वारा गुरुवार को प्रकाशित खबर के बाद ग्राम पंचायत गांवडी मीना में चल रहे ‘कमीशन राज’ और फर्जीवाड़े की परतें खुलीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत समिति श्रीमहावीरजी के विकास अधिकारी ज्ञान सिंह ने एक 3 सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। इस जांच दल में निम्नलिखित अधिकारी शामिल हैं:
- नरेशकांत शर्मा (सहायक विकास अधिकारी)
- राजेश मीना (सहायक लेखाधिकारी प्रथम)
- विक्रम सिंह मीणा (कनिष्ठ अभियंता)
इस कमेटी को निर्देशित किया गया है कि वे पूरे प्रकरण और कथित वायरल ऑडियो की गहराई से जांच कर 7 दिन के भीतर अपनी तथ्यात्मक रिपोर्ट वास्तविक स्थिति के साथ पेश करें।
इन गंभीर आरोपों की होगी जांच:- EXPOSE NOW की रिपोर्ट के अनुसार पंचायत में कई बड़े स्तर के फर्जीवाड़े सामने आए थे:
- नरेगा में फर्जीवाड़ा और फर्जी मस्टरोल भरना।
- मजदूरों की पासबुक और एटीएम पर पंचायत के लोगों का अवैध कब्जा।
- कागजों में नाली निर्माण दिखाकर राशि उठाना।
- लाइब्रेरी, इंटरलॉकिंग सड़क, सोक पिट और शौचालय निर्माण में भारी घोटाला।
- प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) में लाभार्थियों से अवैध वसूली।
सीईओ ने किया वायरल ऑडियो का खंडन
इस पूरे घटनाक्रम पर जिला परिषद के कार्यवाहक सीईओ लखन सिंह ने अपना स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा,
“मैंने 1 अप्रैल को चार्ज संभाला है। यह वायरल ऑडियो मेरे चार्ज संभालने से पूर्व का है। इस ऑडियो से मेरा कोई लेना-देना नहीं है और न ही इसमें मेरा नाम है। यह प्रकरण संभवतः मेरे से पूर्व पदस्थापित सेवानिवृत्त सीईओ शिवचरण मीना के समय का है।”
उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने आज तक उन्हें ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार की कोई लिखित शिकायत नहीं दी थी। EXPOSE NOW के माध्यम से मामला संज्ञान में आने के तुरंत बाद जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने ऑडियो को बताया ‘बनावटी’

दूसरी तरफ, इस मामले में सियासी हलचल भी तेज हो गई है। श्रीमहावीरजी के भाजपा मंडल अध्यक्ष कपलेश शर्मा ने इस वायरल ऑडियो को फर्जी करार दिया है। उन्होंने पूर्व में ही जिला कलेक्टर को एक खंडन पत्र सौंपते हुए बताया कि नाहरसिंह (निवासी गांवडी) द्वारा उन्हें अवगत कराया गया है कि जमनी लाल द्वारा प्रार्थी और नाहरसिंह की एक बनावटी और फर्जी ऑडियो क्लिप प्रचारित की जा रही है। शर्मा ने स्पष्ट किया कि वायरल ऑडियो में उनकी कोई बातचीत नहीं है और यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है।
