जयपुर: प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पक्षियों का भी हाल बेहाल है। ऐसे में जल संकट से जूझ रहे इन बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जयपुर में एक सराहनीय कदम उठाया गया है। श्री श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में आज गुर्जर की थड़ी स्थित जेडीए पार्क, पंचवटी कॉलोनी से “परिंडे लगाओ अभियान” का भव्य शुभारंभ किया गया।
पूरे क्षेत्र में लगाए जाएंगे परिंडे
इस पुनीत कार्य की शुरुआत करते हुए समिति के अध्यक्ष डॉ. आज़ाद सिंह ने बताया कि बढ़ती गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी खोजना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा पूरे गुर्जर की थड़ी क्षेत्र में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, पेड़ों और पार्कों में परिंडे (जल-पात्र) लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सेवा, संवेदना और प्रकृति संरक्षण की भावना को समर्पित एक जन-आंदोलन है।

समाजसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। समिति के उपाध्यक्ष राज कुमार और कोषाध्यक्ष सोहन जी कुमावत के साथ-साथ सभी सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि जनहित और समाजसेवा से जुड़े ऐसे कार्य भविष्य में भी निरंतर किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित आमजन को भी इस पुण्य कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने और अपने घरों की छतों पर पक्षियों के लिए पानी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
इस अभियान के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे। जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. राजेश, विपिन, अशोक शर्मा, सुभाष कचोलिया, राजेश अटोलिया, रतन जी कमल, राजीव, सतीश और रामकुमार ठेकेदार ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने हाथों से पेड़ों पर परिंडे बांधे।

समिति की अपील
श्री श्याम सेवा समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि आइए, हम सभी मिलकर बेजुबान पक्षियों की सेवा के इस अभियान से जुड़ें। अपने घर, बालकनी या आस-पास के पेड़ों पर एक परिंडा अवश्य बांधें और उसमें नियमित रूप से साफ पानी भरें, ताकि इस भीषण गर्मी में कोई भी पक्षी प्यासा न रहे और हम सभी मानवता का सच्चा परिचय दे सकें।