जल जीवन मिशन में एक्शन मोड: 30 मई तक निपटाएं अटके बिल, एमडी की दो टूक- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जयपुर। जल जीवन मिशन (JJM), पीएचईडी (PHED) राजस्थान के तहत मिशन डायरेक्टर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य में जल जीवन मिशन की प्रगति, पूर्ण हो चुकी योजनाओं के बिल, सुजल आईडी (Sujal ID) का निर्माण, और जल सेवा आकलन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर दिया गया है:

  1. 3,241 पूर्ण योजनाओं के अंतिम बिल 30 मई तक:-

एमडी JJM ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में भौतिक रूप से पूर्ण हो चुकीं 3,241 योजनाओं के अंतिम बिलों का भुगतान 30 मई 2026 तक पूरा किया जाए। इसके लिए ठेकेदारों को ‘एज-बिल्ट’ चित्र और सूचना पत्र जमा करने होंगे, जिसके बाद अधिशासी अभियंता (EE) और सहायक अभियंता (AE) द्वारा अंतिम माप (measurements) का सत्यापन किया जाएगा।

  1. सुजल आईडी और जियो-टैगिंग के लिए सख्त डेडलाइन:-

सुजलम भारत मोबाइल ऐप पर सुजल आईडी के निर्माण और जियो-टैगिंग के लिए समय-सीमा तय कर दी गई है:

-15 मई 2026: स्वतंत्र इन-विलेज योजनाएं पूरी करने की समय-सीमा।

-30 मई 2026: आश्रित इन-विलेज योजनाएं पूरी करने की समय-सीमा।

-30 जून 2026: आरपीडब्ल्यूएसएस (RPWSS) की जियो-टैगिंग पूरी करने की समय-सीमा।

  1. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए नए नियम:-

-भविष्य की वीडियो कॉन्फ्रेंस (VC) में अनुशासन और कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं।

-वीसी के दौरान उपस्थिति अब एसई जेजेएम द्वारा ली जाएगी।

-त्येक वीसी के पहले 20 मिनट का समय पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के लिए आरक्षित रहेगा।

  1. जल सेवा आकलन और जल अर्पण उत्सव में सुस्ती पर नाराजगी:-

-जल सेवा आकलन: अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने फील्ड अधिकारियों को 7 दिनों के भीतर जल सेवा आकलन पूरा करने के निर्देश दिए हैं (जो कि अभी 85% तक पूरा हो चुका है)।

-जल अर्पण उत्सव: लक्ष्य के अनुसार 82 जल अर्पण उत्सवों के मुकाबले केवल 30 की ही रिपोर्टिंग होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई गई और बचे हुए उत्सव एक सप्ताह के भीतर पूरे करने को कहा गया है।

-नल जल मित्र: जिले के अधिकारियों को ग्राम पंचायतों से ‘नल जल मित्र’ और आरपीएल (RPL) के लिए दो-दो व्यक्तियों के नाम 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है।

  1. वित्तीय मिलान और अन्य निर्देश:-

राज्य टीम को राष्ट्रीय जल जीवन मिशन, नई दिल्ली के कार्यालय में उपस्थित होकर योजना-वार व्यय के वित्तीय मिलान से संबंधित मुद्दों को हल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, हुडको (HUDCO) ऋण की प्रविष्टियों को भी जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया है।

Share This Article
Leave a Comment