आबूरोड से रिश्वत लेकर लौट रहे श्रम अधिकारी पर एसीबी का शिकंजा, कार की तलाशी में मिलीं नोटों की गड्डियां।

सिरोही एसीबी ने सोमवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रम विभाग के श्रम कल्याण अधिकारी हर्षदीप सिंह गिल की अनुबंधित कार से 1 लाख 50 हजार रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई आबूरोड से सिरोही आते समय की गई, जब अधिकारी अपने कार्यालय के कनिष्ठ सहायक विकास कुमार के साथ विभागीय वाहन में मौजूद थे।

गुप्त सूचना पर घेराबंदी

एसीबी की सिरोही इकाई ने जोधपुर उप महानिरीक्षक पुलिस के पर्यवेक्षण में गुप्त सूचना के आधार पर वाहन को सिरोही में रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे एक रैग्जीन बैग से पॉलीथीन में लिपटी हुई 500-500 रुपए के नोटों की 3 गड्डियां मिलीं, जिनकी कुल राशि 1.50 लाख रुपये थी।

संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कैश जब्त

एसीबी अधिकारियों ने जब इस राशि के स्रोत के संबंध में पूछताछ की, तो अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एसीबी ने पूरी नकदी को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

औद्योगिक इकाइयों से वसूली का शक

एसीबी इंस्पेक्टर कुइयाराम ने बताया कि ब्यूरो को पहले से पुख्ता सूचना मिली थी कि श्रम कल्याण अधिकारी और विभाग का एक अन्य कर्मचारी आबूरोड की औद्योगिक इकाइयों से अवैध रूप से रिश्वत की रकम वसूल कर श्रम विभाग की अनुबंधित कार से सिरोही ला रहे हैं। इसी सूचना के सत्यापन के बाद नाकाबंदी कर यह कार्रवाई की गई।

उच्चाधिकारियों के निर्देशन में जांच तेज

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश और उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के निकट पर्यवेक्षण में अब बरामद राशि के स्रोत, औद्योगिक इकाइयों से संभावित अवैध वसूली और इसमें शामिल अन्य कर्मचारियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

एसीबी की इस कार्रवाई के बाद श्रम विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं, आबूरोड के औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से चल रही कथित अवैध वसूली की चर्चाओं को भी इस कार्रवाई से बल मिला है।

Share This Article
Leave a Comment