करौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 2.05 करोड़ रुपये के अवैध मादक पदार्थ किए गए नष्ट

करौली। राजस्थान पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार प्रदेश भर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत करौली जिला पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला डिस्पोजल कमेटी (DDC) ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से जप्त किए गए लगभग 2 करोड़ 5 लाख रुपये कीमत के अवैध मादक पदार्थों को विधि-विधान से नष्ट कर दिया।

यह कार्रवाई युवाओं को नशे की गर्त से बचाने और संगठित अपराध पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की गई है।

पुलिस लाइन में जलकर खाक हुआ ‘नशा’

जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के नेतृत्व में गठित डीडीसी कमेटी ने करौली पुलिस लाइन में इन नशीले पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम और अपराध सहायक पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार मीना सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। पुलिस ने कुल 26 अलग-अलग प्रकरणों में जप्त किए गए माल को आग के हवाले कर नष्ट किया।

जप्त मादक पदार्थों का विवरण और बाजार मूल्य

कमेटी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों में स्मैक से लेकर अफीम के पौधे तक शामिल थे। इसका विस्तृत विवरण निम्न प्रकार है:

  • स्मैक: 16 प्रकरणों में जप्त 752 ग्राम 84 मिलीग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत: ₹1,50,56,800)
  • गांजा: 7 प्रकरणों में जप्त 55 किलो 751 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत: ₹27,87,550)
  • अफीम के हरे पौधे: 1 प्रकरण में जप्त 43 किलो 200 ग्राम पौधे (अनुमानित कीमत: ₹25,00,000)
  • डोडा पोस्त: 2 प्रकरणों में जप्त 8 किलो 412 ग्राम (अनुमानित कीमत: ₹1,26,180)

कुल मिलाकर 2,04,70,530 रुपये की अवैध सामग्री का निस्तारण किया गया।

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों पर शिकंजा

भरतपुर रेंज आईजी कैलाश चन्द्र विश्नोई और एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देशन में जिले में वांछित अपराधियों, शराब तस्करों, अवैध खनन माफियाओं और मादक पदार्थ डीलरों के खिलाफ धरपकड़ अभियान तेज कर दिया गया है। जिला स्तर पर एएसपी गुमनाराम और हिण्डौन एएसपी सत्येन्द्र पाल सिंह इस पूरे अभियान का सुपरविजन कर रहे हैं।

पुलिस की अपील:

एसपी लोकेश सोनवाल ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आस-पास किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखेगी। करौली पुलिस समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share This Article
Leave a Comment