कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण, सीएम दौरे की तैयारियों का भी लिया जायजा

जिला प्रशासन करौली में सोमवार को प्रशासनिक गतिविधियाँ तेज रहीं। एक ओर जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, वहीं दूसरी ओर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर टोडाभीम के नांगल शेरपुर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने कलेक्ट्रेट परिसर में राजस्व, न्याय, संस्थापन और लेखा अनुभाग सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और तत्परता से करना चाहिए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न प्रकोष्ठ प्रभारियों से लंबित प्रकरणों और पेंडेंसी की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाइलों की पेंडेंसी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा में प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यालय में बेहतर कार्य वातावरण और सुव्यवस्थित रिकॉर्ड संधारण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिडवाल सहित विभिन्न अनुभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इधर, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 8 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर टोडाभीम क्षेत्र के नांगल शेरपुर में आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, हेलीपैड और जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

संभागीय आयुक्त ने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बैरिकेडिंग, मंच व्यवस्था और पार्किंग स्थलों का भी गहन निरीक्षण किया तथा विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिडवाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने तैयारियों की प्रगति से संभागीय आयुक्त को अवगत कराया।

Share This Article
Leave a Comment